गुरु नानक जयंती की पूर्व संध्या पर सिख धर्म के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

भाटापारा। गुरु नानक जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार को सिख धर्म के लोगों ने पूरे उत्साह उमंग व आतिशबाजी एवं करतबबाजी के बीच भव्य शोभायात्रा निकालकर प्रकाश पर्व मनाया। शोभा यात्रा का जगह-जगह अन्य धर्म के लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया। शोभा यात्रा दोपहर 2 बजे गुरु सिंह सभा से प्रारंभ कोई जो नगर के प्रमुख मार्गो से होती हुई वापस रात्रि 8 बजे गुरु सिंह सभा पहुंचकर समाप्त हुई। इस बीच रास्ते पर विभिन्न धर्म के लोगों ने भी शोभा यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान नगर में सांप्रदायिक सद्भाव का वातावरण देखने को मिला। शोभायात्रा में पंजाब से आए हुए गतका अखाड़ा पार्टी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इनके द्वारा अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। शोभायात्रा में सिख समाज के सैकड़ों लोग शामिल हो गए, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। डीजे ढोल धमाके तथा आतिशबाजी के साथ कीर्तन की गूंज से संपूर्ण माहौल भक्तिमय हो गया था। अनेक स्थानों पर स्वल्पाहार चाय नाश्ता शरबत व पेय पदार्थ का वितरण भी किया गया। पूरी शोभायात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से काफी तगड़ी व्यवस्था की गई थी। जुलूस में स्वयं नगर निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव अपनी टीम के साथ मौजूद थे। नगर पालिका परिषद के द्वारा भी साफ सफाई एवं जल छिड़काव की उत्तम व्यवस्था की गई थी। जिसके लिए गुरु सिंह सभा के प्रधान बलवंत सिंह सलूजा एवं प्रबंध कमेटी के लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया है। शोभायात्रा में चल रहे पंच प्यारे एवं पालकी साहब के स्वागत के लिए नगर के सिख समाज के द्वारा नगर में जगह-जगह स्वागत द्वार भी बनवाए गए थे। तो वही झूलेलाल मंदिर में सिंधी समाज के द्वारा जय स्तंभ चौक में प्रकाश मोदी परिवार के द्वारा एवं फव्वारा चौक में विधायक शिवरतन शर्मा के द्वारा तथा कांग्रेस भवन के समक्ष सरकार में निगम मंडल के सदस्य सतीश अग्रवाल के द्वारा शोभा यात्रा का स्वागत किया गया ।

Leave a Reply