विधायक वोरा ने सोनिया गांधी से की मुलाकात, मोतीलाल वोरा के योगदान को सोनिया ने किया याद


नईदिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने दिल्ली 10 जनपथ स्थित निवास में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अंतरिम अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी से सौजन्य भेंट की। आधे घंटे से अधिक चली मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी बार बार दिग्गज कांग्रेसी श्री मोतीलाल वोरा को याद करती रहीं उन्होंने विधायक वोरा से कहा कि वोरा जी आजीवन एक सच्चे कांग्रेसी रहे। चौबीसों घंटे व साल के 365 दिन पूरी शिद्दत से अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले ऐसे नेता इतिहास में विरले ही हैं। गांधी परिवार से आत्मीय एवं पारिवारिक रिश्तों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोतीलाल जी वोरा ने श्रीमती इंदिरा गांधी से लेकर राहुल गांधी तक तीन पीढ़ियों के साथ मिलकर कांग्रेस की रीति नीति के अनुरूप पार्टी एवं संगठन को मजबूत करने का काम किया एवं लगभग पांच दशकों तक पार्टी को अनवरत अपनी सेवाएं दीं। 20 दिसंबर को उनका जन्मदिन एवं 21 दिसम्बर को पुण्यतिथि है उनका योगदान व सहयोग कांग्रेस एवं गांधी परिवार को सदैव याद रहेगा एवं उनकी अपूरणीय क्षति हमेशा खलती रहेगी। गौरतलब है कि विधायक वोरा पारिवारिक कारणों से दिल्ली प्रवास पर हैं व पारिवारिक चर्चा के लिए ही उन्होंने श्रीमती सोनिया गांधी से मिलने के लिए समय मांगा था। इस दौरान उनके दामाद डॉ राजू व्यास एवं सुपुत्र संदीप वोरा मौजूद थे।

Leave a Reply