कोविड के नाम पर चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों का स्पेशल फेयर लोगों की जेब काट रहा, कब मिलेगी एमएसटी की सुविधा

भाटापारा। कोविड-19 के नाम पर अभी तक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। स्पेशल ट्रेनों का स्पेशल फेयर लोगों की जेब लगातार काट रहा है। यात्री बेहद परेशान है।रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग व चांपा स्टेशनों के लिए प्रतिदिन अप डाउन करने वाले लोग इस समय रेलवे के मनमानी पूर्ण रवैये की वजह से बेहद परेशानियों का सामना कर रहे हैं। वजह बिल्कुल स्पष्ट है कि उनकी कमाई का एक बहुत बड़ा हिस्सा रेलवे अकेले ले जा रही है, क्योंकि अभी भी एमएसटी चालू नहीं की गई है। जिससे प्रतिदिन आने जाने वालों को या तो लोकल गाड़ियों में सफर करना पड़ रहा है या एक्सप्रेस ट्रेनों में रिजर्वेशन करा कर आना जाना पड़ रहा है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। डेली अप डाउन करने वाले लोग सिर्फ एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर कब चालू होगी एमएस टी की सुविधा। आम लोगों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सबसे बड़ा साधन रेलवे ही है, परंतु वर्तमान समय में रेलवे लोगों को परेशान कर रखी है। मार्च 2020 से कोविड-19 के चलते भारत में ट्रेनें बंद कर दी गई थी। फिर समय के साथ धीरे-धीरे करके ट्रेनों को चालू किया गया, परंतु जितनी भी सुविधाएं लोगों को पहले मिला करती थी वह सबकी सब अभी बंद है। एमएसटी की सुविधा भी अभी तक चालू नहीं की गई है। बिलासपुर रेलवे जोन एवं रायपुर मंडल के अधीन आने वाले सारे स्टेशनों के लोगों का एक ही सवाल है कि आखिरकार एमएसटी कब चालू की जाएगी, जिसका रेलवे के पास कोई जवाब नहीं है। बस वही एक रटा रटाया जवाब मिलता है कि जब ऊपर से आदेश आएगा तो चालू कर दिया जाएगा। जबकि जानकारी मिली है कि उत्तर रेलवे जोन में एमएसटी की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है, तो लोगों का एक ही सवाल है कि जब वहां चालू कर दी गई है तो यहां क्यों नहीं की जा सकती।
प्रति माह भारी आर्थिक बोझ
लोकल ट्रेनों में जहां पहले एक तरफ का किराया ₹10 से लेकर ₹25 तक लगता था अब वही किराया ₹30 से लेकर ₹50 तक लग रहा है इसके अतिरिक्त इतनी ही दूरी का एक्सप्रेस मेल ट्रेनों में रिजर्वेशन टिकट कराने पर किराया अलग अलग गाड़ियों में अलग अलग लग रहा है जिसे प्रतिमा प्रत्येक यात्री को 3 से 5000 रुपए तक अधिक खर्च करना पड़ रहा है जिससे लोगों का बजट बिगड़ गया है उल्टे वेतन बढ़ने की बजाय लोगों का वेतन कोविड-19 के चलते दुकानदारों व्यवसायियों ने कम कर दिया है। ऐसे में काफी ज्यादा आर्थिक बोझ प्रतिदिन अप डाउन करने वाली यात्रियों को उठाना पड़ रहा है।
एमएसटी की सुविधा प्रारंभ की जाए
छत्तीसगढ़ सरकार में निगम मंडल के सदस्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतीश अग्रवाल ने बिलासपुर रेलवे जोन से यह मांग की है कि यथाशीघ्र एमएसटी की सुविधा प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि अब डाउन करने वाले यात्री एमएसटी सुविधा बंद होने से बेहद परेशान है। केंद्र सरकार को तथा रेलवे बोर्ड को एवं बिलासपुर रेलवे जोन को तत्काल इस मामले को संज्ञान में लेते हुए एमएसटी की सुविधा प्रारंभ करनी चाहिए।

Leave a Reply