रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के तेज तर्रार नेता और स्व. दिलीप सिंह जूदेव के छोटे बेटे युद्धवीर सिंह का महज 37 साल की उम्र में सोमवार तड़के करीब 4 बजे निधन हो गया। वे चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। युद्दवीर सिंह जूदेव काफी लंबे समय से बीमार थे और कुछ दिन पहले उन्हें ईलाज के लिए बैंगलोर ले जाया गया था। रविवार अचानक उनकी तबियत बिगड़ने लगी थी लेकिन शाम तक हालत में हल्का सुधार आने के बाद माना जा रहा था कि सब ठीक हो जाएगा लेकिन सोमवार सुबह फिर से उनकी तबियत बिगड़ने लगी और प्रातः 4 बजे उनका आकस्मिक निधन हो गया।
वह पिछले कई दिनों से लीवर की समस्या से जूझ रहे थे। उन्हें पहले दिल्ली और फिर बेंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनका लीवर ट्रांसप्लांट होना था, लेकिन इससे पहले ही उनकी स्थिति बिगड़ गई। उन्हें डॉक्टरों ने वेंटिलेटर पर रखा, पर तमाम कोशिशों के बावजूद जान नहीं बचा सके।
युद्धवीर चंद्रपुर से दो बार विधायक रहे । 2008 में वह पहली बार चंद्रपुर से विधायक निर्वाचित हुए थे फिर 2013 में दोबारा चंद्रपुर से विधायक निर्वाचित हुए। युद्धवीर स्व दिलीप सिंह जूदेव के छोटे पुत्र थे।
युद्धवीर सिंह के निधन पर सीएम भूपेश बघेल,विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत, स्वास्थ मंत्री टी एस सिंहदेव,पूर्व सीएम रमन सिंह,और बीजेपी अध्यक्ष विष्णुदेव साय ,बृजमोहन अग्रवाल,बीजेपी के लोगों ने शोक प्रगट किया |
सीएम भूपेश बघेल ने दुःख व्यक्त किया – चंद्रपुर के पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव जी के निधन का समाचार दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिजनों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति:
