रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को दोपहर के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और लगभग दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। इसके चलते शहर के ज्यादातर इलाकों में जल भराव की स्थिति हो गई। मुख्य मार्ग जीई रोड़ तालाब में तब्दील हो गया। जयस्तंभ से लेकर आजाद चौक थाने सड़के पानी से लबालब रहा है, वहीं, आमापारा में आरडी तिवारी स्कूल के मुख्य गेट के पास की सड़के तालाब में तब्दील हो गई।
बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया. लाल गंगा शॉपिंग मॉल इलाके में सड़कें पानी में डूब गई. वहां मौजूद दुकानों में पानी भर गया। जबकि कई इलाकों के कॉलोनियों के घरों में नालियों का गंदा पानी घुस गया है। रायपुर में करीब 2 घंटें की बारिश से कई इलाकों का बुरा हाल हो गया है। मुख्यमंत्री निवास से महज 1 किमी दूर जलविहार कॉलोनी के घरों में नालियों का गंदा पानी घुस गया है. सड़कों पर करीब 6 फीट तक भरा पानी भर गया है। घर के राशन बहकर सड़क पर तैरते नजर आ रहे हैं। गटर की गंदगी घर के कमरों में प्रवेश कर गया है।
इस बीच मौसम विभाग के मुताबिक ऐसी स्थिति प्रदेश के कई जिलों की है। प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ आने वाले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है। बता दें केंद्रीय मौसम विभाग ने पहले ही इसकी आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया था। अगले -24 घंटे तक इसी तरह रूक-रूककर बारिश होती रहेगी। रायपुर के अलावा बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव के साथ बारिश होगी। रायपुर में बारिश की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शहर के जलविहार कॉलोनी, गुढिय़ारी, न्यू राजेंद्र नगर, स्टेशन रोड, तेलीबांधा, अवंती विहार, टिकरापारा और कालीबाड़ी के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति रही। कविता नगर, इदगाहभाठा, संतोषी नगर, मठपारा, प्रोफेसर कालोनी में कहीं-कहीं पर पानी भर गया। रिमझिम बारिश के बाद शहर की प्रमुख सड़कों पर जल भरा रहा। राजधानी के महादेवघाट से भाठागांव, घड़ी चौक, शंकर नगर, राजेंद्र नगर, गुढिय़ारी ब्रिज सहित कई जाने वाली सड़क पर इतना पानी भर गया कि यह मार्ग आने-जाने वालों के लिए आफत बन गया।
भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतर इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। पिछले 24 घंटे से राजधानी में रिमझिम बारिश होती रही।
———–
राजधानी पानी….पानी….मूसलाधार बारिश से दुकानें, सड़कें और कॉलोनियां हुई जलमग्न, यातायात प्रभावित
