मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान- फसल खराब होने पर किसानों को प्रति एकड़ 9 हज़ार रुपये देगी राज्य सरकार

रायपुर। अल्पवृष्टि और अनावृष्टि के कारण अकाल की स्थिति निर्मित हो गई है। छत्तीसगढ़  सरकार हर विपदा में किसानों के साथ खड़ी है। जिन किसानों ने अभी खरीफ सीजन में धान, कोदो -कुटकी ,अरहर की बुआई की है यदि वर्षा के अभाव में उनकी फसल खराब हो जाती है। चाहे उत्पादन हो अथवा न हो, उन्हें सरकार प्रति एकड़ 9000 रुपए की सहायता देगी । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को यहां मछुआ कांग्रेस के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत अकाल से प्रभावित किसानों को भी छत्तीसगढ़ सरकार गिरदावरी सर्वे के आधार पर प्रति एकड़ 9000 रुपए के मान से मदद देगी । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर पंडवानी के मूर्धन्य कलाकार पुनाराम निषाद और मदन कुमार निषाद के जीवनी को प्रकाशित किए जाने की घोषणा की।

GLIBS

उन्होंने कहा कि यह जरूरी है,ताकि आने वाली पीढ़ी को पुरखों के योगदान की जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने इस मौके पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, हाफ- बिजली बिल सहित अन्य योजनाओं का उल्लेख किया। सीएम बघेल ने कहा कि अब भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रति वर्ष 6000 रुपए की मदद देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री ने इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों को 1 सितंबर से पंजीयन कराने का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बिलासपुर एयरपोर्ट का नामकरण मछुआ समाज की आराध्य बिलासा देवी के नाम पर किया है । राज्य में पहली बार मछुआ कांग्रेस का गठन हुआ है। मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा दिया गया है । इससे मत्स्य कृषकों और मछुआरों को किसानों के समान शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा मिलने लगी है। किसानों के समान रियायती दर पर मत्स्य कृषकों को बिजली एवं मछली पालन के लिए तालाबों एवं जलाशयों को निशुल्क पानी मिलेगा । 

GLIBS


कार्यक्रम को संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद , छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एमआर निषाद ने भी संबोधित किया। उन्होंने मछली पालन को कृषि का दर्जा देने और बिलासपुर एयरपोर्ट का नाम बिलासा देवी के नाम पर किए जाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का समाज की ओर से आभार जताया। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष राम गोपाल अग्रवाल पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री रवि घोष और चंद्रशेखर शुक्ला कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और मछुआ कांग्रेस के राज्य एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी व समाज के लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply