भाटापारा जिला निर्माण संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई, कहा-संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक भाटापारा जिला नहीं बन जाता

भाटापारा। चार नए जिलों की घोषणा के साथ भाटापारा को जिला नहीं बनाए जाने से आहत भाटापारा जिला निर्माण संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की एक अति आवश्यक बैठक स्थानीय विश्राम गृह में हुई। इस बैठक में जिला निर्माण संघर्ष समिति के आगे की रणनीति तय की गई साथ ही यह निर्णय लिया गया कि 35 सालों से चला आ रहा यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक भाटापारा जिला नहीं बन जाता।
संघर्ष समिति के सभी सम्मानित सदस्यों ने एक स्वर से कहा कि मुख्यमंत्री से पुनः मुलाकात कर उन्हें उनका किया हुआ वादा याद दिलाया जायेगा। इस संबंध में कांग्रेस के नेताओं -सतीश अग्रवाल,सुनील माहेश्वरी एवं सुशील शर्मा ने समिति को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से समय लेकर संघर्ष समिति के सदस्यों की मुलाकात जरूर करवाएंगे ताकि उनके समक्ष संघर्ष समिति अपनी बात पुनः रख सके और भाटापारा जिला निर्माण का रास्ता प्रशस्त हो सके।
विदित हो कि कांग्रेस की सरकार आने पर भाटापारा को जिला बनाने की बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कही थी। कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष स्वर्गीय नंदकुमार पटेल और वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने भी भाटापारा को स्वतंत्र रूप से जिला बनाने की बात कही थी,परंतु सरकार के ढाई वर्ष व्यतीत होने के बाद भी भाटापारा उपेक्षित रहा और उल्टे 4 जिलों की घोषणा कर दी गई जिसमें भाटापारा का नाम शामिल नहीं है, इससे यही प्रतीत होता है कि विगत 35 वर्षों की लम्बी माँग को वर्तमान सरकार ने एक सिरे से नकार दिया ।
जिला निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि अब पानी सर से गुजर चुका है और अब लड़ाई आर-पार की होगी । भाटापारा को जिला नहीं बनाए जाने से यहां की जनता आक्रोशित और उद्वेलित हैं। आगामी 19 अगस्त को नगर भवन भाटापारा में एक विशाल आम बैठक जिला निर्माण संघर्ष समिति के द्वारा आयोजित किया गया है जिसमें नगर के सभी वर्ग के लोगों को आमंत्रित कर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की गई है। इस बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
उक्त बैठक में नगर के व्यवसायी, पत्रकार, साहित्यकार,नेतागण और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया जिनमें प्रमुख रूप से संघर्ष समिति के संरक्षक बलदेव भारती,संयोजक नंदकिशोर शर्मा, अध्यक्ष- नरेंद्र शर्मा (पूर्व विधायक), सतीश अग्रवाल, सुनील माहेश्वरी,सुशील शर्मा,राजकुमार शर्मा, अधिवक्तागण- सुकृत साहू,अनिल मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार संतोष अग्रवाल,नानू सोनी, गिरीश पारप्यानी, गोपाल शर्मा,मुकेश साहू,राजेन्द्र वर्मा, राजकुमार मल,अजय साहू, देवेंद्र भृगु, हाजी साहब,अजयकांत शुक्ला आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply