रायपुर/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधान सभा अध्यक्ष डाॅ. चरणदास महंत ने पूर्व राज्यसभा सांसद रामाधार कश्यप के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने श्री कश्यप के शोक संतृप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। श्री बघेल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिए स्व. श्री कश्यप का जज्बा और उनका योगदान आने वाली पीढियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। वहीं, डॉक्टर महंत ने अपने शोक संदेश में कहा कि-श्री कश्यप मृदुभाषी, मिलनसार एवं संवेदनशील जन-प्रतिनिधि थे । श्री कश्यप छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन के अग्रणी योद्धा थे । वे किसानों, गरीबो एवं मजदूरों के सच्चे हितैषी एवं शुभचिंतक थे । उनके निधन से प्रदेश ने एक कुशल संगठन कर्ता एवं समाज सुधारक को खो दिया। डाॅ. महंत ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है ।
