
रायपुर। छत्तीसगढ़ के एक सबसे बड़े पुलिस अधिकारी जी पी सिंह के 10 ठिकानों पर आज सुबह एंटी करप्शन ब्यूरो ने छापा मारा है और इन सभी जगहों पर तलाशी चल रही है। एसीबी ने जीपी सिंह के खिलाफ आय से अधिक अनुपात हीन संपत्ति का केस दर्ज किया है और उसके बाद यह कार्यवाही चल रही है।

जी पी सिंह प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हैं और वे कई प्रमुख जगहों पर आईजी रह चुके हैं. जिस एंटी करप्शन ब्यूरो ने इस वक्त उनके घर और रिश्तेदारों के यहां तलाशी जारी रखी हुई है, इस एसीबी के भी वे कुछ वक्त पहले तक मुखिया थे।

इस बारे में पूछने पर एसीबी के प्रमुख डीआईजी आरिफ शेख ने कहा कि अनुपातहीन संपत्ति के केस में अभी 10 ठिकानों पर तलाशी जारी है, लेकिन यह तलाशी कुछ और जगहों पर बढ़ भी सकती है. उन्होंने सुबह 8:15 बजे की इस बातचीत में और अधिक जानकारी ना होने की बात कही और कहा कि तलाशी के बाद ही बाकी चीजें साफ होगी।
