बिलासपुर। छ ग सरकार से कोरोना वैक्सीन का ग्लोबल टेंडर जारी करने की मांग पर दायर जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य शासन से 10 दिन के भीतर जवाब दाखिल करने कहा है।
मालूम हो कि अधिवक्ता शैलेंद्र दुबे द्वारा गत मई 2021 में एक जनहित याचिका छ ग उच्च न्यायालय में दायर की गई थी, जिसमें कोरोना वैक्सीन का ग्लोबल टेंडर जारी करने की मांग की गई थी। याचिका में कहा गया कि देश में सिर्फ दो कंपनियां टीका बना रही हैं। ऐसे में टीकाकरण में देर हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 2 करोड़ 90 लाख लोगों को टीका लगाया जाना है, जबकि जनवरी से लेकर 21 मई तक केवल 50 लाख 82 हजार लोगों को टीका लगाया जा सका है। टीकाकरण की यही रफ्तार रही तो सभी को वैक्सीन लगाने में 2 साल लग जाएंगे, जबकि कोरोना की तीसरी लहर सितंबर या अक्टूबर माह में आने की संभावना है। इस बार यह आशंका भी जताई जा रही है कि यह लहर बच्चों के लिए घातक हो सकती है।
ऐसे में अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में भी ग्लोबल टेंडर के माध्यम से वेक्सीन खरीदा जाना चाहिए। हाईकोर्ट ने राज्य शासन को दस दिन के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है।
