सोसायटी में धान चोरी के आरोपियों को बचाने में लगे हैं सांसद विजय बघेल, किसानों में रोष : ठाकुर

जामगांव आर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कुम्हली में हुई धान चोरी के मामले में किसानों द्वारा न्यायिक जांच कराने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि हाल ही में कुम्हली सोसाइटी में चोरी के मामले सामने आए हैं, जिसमें रानीतराई थाना ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया तथा रिमांड पर जेल भेज दिया। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सांसद विजय बघेल चोरों के समर्थन में सामने आ गए हैं, जो स्तरहीन राजनीति का परिचायक हैं। वैसे विजय बघेल का आरोपियों को समर्थन देने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले वे शराब लूटपाट के मामले में आरोपी क्षेत्र के एक कथित भाजपा नेता लोकमणि चंद्राकर के समर्थन में 5 दिन तक आमरण अनशन किया था और अब धान चोरों को प्रश्रय देने का कार्य कर रहे हैं, जो अशोभनीय है।
ब्लॉक कांग्रेस जामगांव आर अध्यक्ष श्री ठाकुर ने आगे कहा कि- आखिर सांसद विजय बघेल सेवा सहकारी समिति में बेचे गए क्षेत्र के किसान भाईयों के धान की चोरी करने वाले को समर्थन क्यों दे रहे है? चोरी के मामले की जब जांच हुई तो स्टॉक मेंटेन बताया गया, लेकिन 182 बोरा धान अत्यधिक निकला। इसका तात्पर्य है कि बाकी सोसाइटी में 40 किलो 100 ग्राम धान की खरीदी होती है, लेकिन एक मात्र कुम्हली सोसाइटी है जहां 42 किलो 200 ग्राम कांटे पर तौल कर लिया जाता है,जो किसानों के साथ धोखाधड़ी है।
श्री ठाकुर ने कहा कि इस सोसायटी में समिति प्रबंधक से लेकर ठेकेदार और ऑपरेटर सहित सभी कर्मचारी एक घर से ही आते हैं और अपना मनमानी चलाते हैं। टोकन के समय में भी किसानों के लिए नियम होते हैं, पर इन लोगों को कोई नियम की जरूरत नहीं पड़ती। सीधे घर से धान को बोरा में भर कर स्टॉक में डाला जाता है। अगर धान की चोरी नहीं हुई तो आरोपियों द्वारा अपने बयान में झारण बाहरण के धान को ले जाने की बात कही है। इसका तात्पर्य क्या है?
श्री ठाकुर ने आगे कहा- कि एफसीआई कहता है कि झारण बहारण के धान को भी रात में बेचने का अधिकार ठेकेदार, चौकीदार को भी नहीं है। इससे सिद्ध होता है कि चोरी किया हुआ धान सोसाइटी से निकाला गया है और रात को 10:00 बजे इसे ठिकाने लगाने का काम अध्यक्ष के मार्गदर्शन में हो रहा था। हो सकता है पहले भी ऐसा कार्य किया गया हो, क्योंकि चोरों को अध्यक्ष स्वयं समर्थन दे रहे हैं, जब वह रंगे हाथ पकड़ा गया। ऐसे में किसानों के साथ न्याय कहां हुआ? इस मामले में सोसायटी अध्यक्ष को एफआईआर करना था और किसानों के साथ खड़ा होना था, क्योंकि धान तो रात को गाड़ी में चोरी हुआ है। किन्तु ऐसा नहीं हुआ। समिति अध्यक्ष सहित अन्य सब लोग इस मामले को दबाने की भरसक कोशिश कर रहे हैं और लीपापोती कराने में लगे हैं। घटनाक्रम के बाद दुर्ग सांसद विजय बघेल का बयान चोरों को बचाने के लिए मालूम होता है,जो घोर निंदनीय है। उनके बयान को लेकर क्षेत्र के लोगो और सोसायटी में धान बेचने वाले किसानों में रोष व्यापत है।

Leave a Reply