टूलकिट मामला: पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह से पुलिस ने की पूछताछ, घर के बाहर भाजपाईयों का प्रदर्शन, थाने के बाहर पूर्व सीएम पार्टी नेताओं संग धरने पर भी बैठे

रायपुर।  टूलकिट मामले में सोमवार को सिविल लाइन पुलिस ने पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह का बयान दर्ज किया। इससे पहले पूर्व सीएम, और अन्य भाजपा नेता थाने के सामने धरने पर बैठे, और अपनी गिरफ्तारी की चुनौती दी। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि झूठे मामले पर एफआईआर किया गया और सोनिया व राहुल गांधी के इशारे पर कार्रवाई हो रही है। 
सिविल लाइन पुलिस दोपहर साढ़े 12 बजे बयान लेने के लिए पूर्व सीएम के निवास मौलश्री विहार जाने वाली थी। उससे पहले ही पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूूणत, और अन्य नेताओं के साथ सिविल लाइन थाने आ गए। और अपनी गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। 
दो घंटा धरने पर बैठने के बाद पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह अपने निवास पहुंचे, और निर्धारित समय पर सिविल लाइन पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया। इस दौरान सिविल लाइन सीएसपी नासिर सिद्दीकी और टीआई आरके मिश्रा और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। बाद में पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने मीडिया से चर्चा में आरोप लगाया कि वे 15 साल सीएम रहे हैं, और पुलिस की कार्यप्रणाली को भली भांति जानते हैं। पिछले दो साल में पुलिस की छवि धूमिल हुई है।
पूर्व सीएम ने कहा कि संबित पात्रा के खिलाफ पहले भी सभी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। बाद में न्यायालय के आदेश पर एक ही जगह पर किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आपदा के समय में प्रधानमंत्री की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। पूर्व सीएम ने कहा कि वे इस घटना से व्यथित हैं। राज्य सरकार झूठे मामले पर एफआईआर करवा रही है। 
पूर्व सीएम ने कहा कि झूठे मामले पर सोनिया और राहुल के इशारे पर कार्रवाई हो रही है। इस मामले में सीधे-सीधे कांग्रेस पार्टी जुड़ी हुई है। मीडिया से चर्चा के दौरान विष्णुदेव साय, सरोज पाण्डेय, रामविचार नेताम, बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, और चंद्रशेखर साहू मौजूद थे। 

Leave a Reply