नई दिल्ली। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा कि देश में कोवाक्सिन की लगभग 1.5 करोड़ खुराक का उत्पादन किया जा रहा है जिसे 10 करोड़ खुराक प्रति माह तक बढ़ाने की योजना है। वहीं उन्होंने देश में टीकाकरण को लेकर भी बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना की पहली खुराक देने में देश में छत्तीसगढ़ नंबर वन पर है वहीं मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर है। पॉल नेआंकड़े पेश करते हुए कहा कि देशभर में औसत 89 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। छत्तीसगढ़ में 99 फीसदी, मध्यप्रदेश में 96 फीसदी, राजस्थान में 95 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी गई है। दिल्ली में यह 78 फीसदी है। डॉ. वीके पॉल ने कहा कि देशभर में औसत पहली डोज 82 फीसदी फ्रंटलाइन वर्कर्स को दी गई है। गुजरात में 93 फीसदी, राजस्थान में 91 फीसदी और मध्य प्रदेश में 90 फीसदी फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहली डोज दी गई है। दिल्ली में यह 80 फीसदी है।
स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक देने में छत्तीसगढ़ बना नंबर वन मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर
