रायपुर। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) नया रायपुर के सेक्टर-36 में कोरोना रोगियों के उपचार के लिए 100 बेड का फील्ड अस्पताल स्थापित कर रही है। कोरोना काल के चुनौतीपूर्ण समय में वेदांता समूह देश के दस अलग-अलग शहरों में आधुनिक सुविधाओं वाले 100 बेड के अस्पतालों का निर्माण कर रहा है। जनसरोकार से जुड़ा यह महत्वपूर्ण कार्य एक पखवाड़े में पूरा हो जाएगा।
वेदांता समूह कोरोना वायरस की तेजी से फैलती दूसरी लहर के खिलाफ देश की मदद के तैयार है। प्रदेश की राजधानी रायपुर में कोरोना उपचार के लिए 100 बेड का अत्याधुनिक फील्ड अस्पताल तैयार किया जा रहा है। टेंट्स और कंटेनर से तैयार अस्पताल में विद्युत आपूर्ति, वातानुकूलित व्यवस्थाएं आदि सुविधाएं होंगी। 90 बेड ऑक्सीजन सपोर्ट से लैस होंगे जबकि 10 बेड में वेंटिलेटर सपोर्ट होगा।
देश के विभिन्न शहरों में कोविड अस्पतालों के निर्माण में इस वर्ष वेदांता समूह 150 करोड़ रुपए का निवेश करेगा। पिछले वर्ष वेदांता समूह ने कोविड के उपचार, जागरूकता और जरूरतमंदों की मदद की दिशा में 201 करोड़ रुपये निवेश किए थे।
बालको प्रबंधन ने बालकोनगर टाउनशिप में विभिन्न स्वास्थ्य उपकरणों से पूर्णतः सुसज्जित 100 बेड का कोविड अस्पताल स्थापित किया है। इसके साथ ही कोरबा में ई एस आई अस्पताल को कोरोना उपचार केंद्र के रूप में विकसित करने में बालको ने जिला प्रशासन की मदद की।
