पाटन विधानसभा एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने सांसद विजय बघेल को सौंपा ज्ञापन, कहा- मोदी सरकार छत्तीसगढ़ को जल्द टीका उपलब्ध कराए

पाटन। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएसयूआई द्वारा मोदी टीका दो अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में पिछले 3 दिनों से एनएसयूआई के कार्यकर्ता केंद्र में बैठी मोदी सरकार से आग्रह कर रहे हैं कि 18 से लेकर 45 साल तक के युवा वर्ग को covid-19 के संक्रमण का खतरा बहुत ही ज्यादा है। ऐसे में उन्हें जल्द से जल्द निःशुल्क टीका उपलब्ध कराया जाए। इसी विषय को लेकर एनएसयूआई पाटन के पदाधिकारियों जिला उपाध्यक्ष उमाशंकर निर्मलकर, आयुष टिकरिहा एनएसयूआई पाटन विधानसभा अध्यक्ष, प्रेमप्रकाश पांडेय जामगांव आर ब्लाक अध्यक्ष, पोषण साहू महाविद्यालय प्रभारी जामगांव आर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दुर्ग सासंद विजय बघेल को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से टीका दिलाने की मांग की है।

एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एक तरफ मोदी सरकार कहती है कि भारत में वैक्सीनेशन की कोई कमी नहीं होगी और दूसरी ओर दूसरे देशों को वैक्सीन मुहैया कराई जा रही है। जबकि हमारे देश के ऐसे बहुत से राज्य हैं जहां वैक्सीनेशन की बहुत कमी है। छत्तीसगढ़ में ही 50 लाख वैक्सीनेशन की जरूरत है किंतु अभी तक 10 लाख वैक्सीनेशन का ही प्रबंध केंद्र सरकार द्वारा कराई गई है।
ऐसे में लगता है कि प्रदेश में उपस्थित सभी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास मोदी सरकार कर रही है। पाटन के विधायक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आग्रह किया था कि वैक्सीन उपलब्ध कराई जाय। इसे लेकर उन्होंने इन हाउस मीटिंग में चर्चा भी की है। समय-समय पर पत्र भी लिखा। फिर भी पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं मिल पा रहा है। लगता है मोदी सरकार हमारे राज्य के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। एक देश एक दर नहीं होने से युवाओ में रोष व्याप्त है।
एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने आगे बताया की केंद्र की निरंकुश मोदी सरकार वैक्सीन का राजनीतिकरण करना बंद करे। सिर्फ़ और सिर्फ भाषण से देश नहीं चलता है। उन्होंने कहा कि कोविड टीका ‘एक देश- एक दर’ पर दिया जाए और राज्यों की पूर्ति अनुसार केंद्र सरकार द्वारा मुहैया करवाया जाए,ताकि सही वक्त में टीका लग सके ।

Leave a Reply