भाटापारा। भाटापारा के खाद्य निरीक्षक लक्ष्मण कश्यप और उनकी टीम ने शुक्रवार को भाटापारा की विभिन्न किराना दुकानों में जाकर जांच पड़ताल की और दुकानदारों को इस बात का निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को मिलने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य उपभोक्ताओं से कदापि ना लिया जाए ।बता दें कि बीते दिनों कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने कालाबाजारी रोकने और उपभोक्ताओं को गुणवत्ता युक्त सामान की आपूर्ति के लिए एक टीम गठित की थी उस टीम ने जिला खाद्य अधिकारी चित्रकांत ध्रुव के मार्गदर्शन में शुक्रवार को कई दुकानों में जाकर पड़ताल की। टीम ने कई उपभोक्ताओं के घरों में भी जाकर इस बात की जानकारी ली की उन्हें आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर मिल रही है अथवा नहीं और साथ ही उन वस्तुओं में गुणवत्ता है कि नहीं। इस पर उपभोक्ताओं द्वारा उस टीम को बताया गया कि उन्हें वस्तुएं सामान्य दर और गुणवत्ता युक्त सामग्री वर्तमान में प्राप्त हो रही है। शुक्रवार को टीम ने विभिन्न वार्डों में होम डिलीवरी हेतु अधिकृत व्यवसायियों से आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता के संबंध में चर्चा की और इसके साथ ही व्यवसायियों को यह हिदायत भी दी गई कि कोविड-19 के नियमों एवं निर्देशों का पालन करते हुए होम डिलीवरी की कार्रवाई संपन्न की जाए और कोविड-19 के नियमों के तहत ही उपभोक्ताओं को सामग्री उपलब्ध कराई जाए सामग्रियों के मूल्य के अलावा किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क उपभोक्ताओं से नहीं लेने का कड़ा निर्देश खाद्य विभाग की टीम के द्वारा दुकानदारों को दिया गया ।इस मामले में खाद्य निरीक्षक लक्ष्मण कश्यप ने बताया कि जिला कलेक्टर के द्वारा जो टीम गठित की गई थी वह टीम जिला खाद्य अधिकारी चित्रकांत ध्रुव के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है उन्होंने कहा कि यह कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी इसके साथ ही कश्यप ने कहा कि अधिक मूल्य अथवा गुणवत्ता विहीन सामग्रियों की शिकायत मिलने पर खाद्य अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।
किराना दुकानों का निरीक्षण, गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश
