बदला मौसम का मिजाज- प्रदेश में कई जगहों पर बारिश के साथ ओले भी गिरे

रायपुर/ राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आज मौसम का मिजाज बदला और आंधी और ओले के साथ तेज बारिश हुई।
राजधानी में गरज चमक के साथ तेज हवाओं का दौर दोपहर बाद शुरू हुआ। इसके साथ ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, इससे तापमान में गिरावट आई है। जिससे राजधानीवासियों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम में परिवर्तन होने का असर दुर्ग-भिलाई के अलावा बस्तर क्षेत्र में भी देखा गया है। गीदम में ओले गिरने की खबर है।
मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश अलग अलग हिस्सों में बारिश की सम्भावना जताई है। इसके साथ ही विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी समेत पूरे प्रदेश में एक दो दिनों तक मौसम ऐसे ही रहने की आसार है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा विदर्भ के ऊपर बना हुआ है। यह घेरा विदर्भ के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 2.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका मध्य प्रदेश से केरल तक, (विदर्भ, मराठवाड़ा होते हुए ) 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। प्रदेश में कल दिनांक 21 अप्रैल को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा छीटें पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड चलने की संभावना है।

Leave a Reply