पाटन। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान कोरोना संक्रमण के संबंध में प्रश्न उठाया था और कहा था कि एक तरफ देश संक्रमण काल से गुजर रहा था तब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना संक्रमण को भगाने के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहे थे, लेकिन छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार राज्य में शराब बेच रही थी। विजय बघेल के इस बयान के लिए उनको छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उनका बयान छत्तीसगढ़ की जनता का अपमान है l उक्त बातें पाटन के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अश्वनी साहू ने कही है l श्री साहू ने कहा कि विजय बघेल बताएं भाजपा शासित राज्यों में कहां पर शराब की बिक्री पर पाबंदी की गई थी, दुर्ग सांसद स्वयं शराब लूटने वाले के समर्थन में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। अब वे नैतिकता की नई परिभाषा गढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विजय बघेल को स्मरण होना चाहिए कि जब कोरोना संक्रमण देश में तीव्र गति से पांव पसार रहा था उस समय देश का प्रधान सेवक मध्य प्रदेश की सरकार को गिराने के लिए एवं लोकतंत्र की हत्या कर भाजपा की सरकार बनाने में लगे हुए थे l देश की जनता को ताली, थाली और दीया जलाने की जिम्मेदारी दे दिए थे , जिसका परिणाम बहुत भयावह हुआ था। ऐसे में छत्तीसगढ़ की सरकार के ऊपर आरोप मढ़ना गैर जिम्मेदाराना है l जब देश में कोरोना के कारण अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी उस समय छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल की सरकार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को दुनिया के अर्थशास्त्री एवं नीति आयोग ने सराहना की थी। राज्य सरकार कई मामलों पर अव्वल रही एवं पीड़ित मानवता की सेवा करने, अन्य राज्यों के प्रवासी लोगों को उनके घर तक पहुंचाने का काम छत्तीसगढ़ सरकार ने किया था l विजय बघेल किस दुनिया की सैर करने निकले हैं उनको पता नहीं।
श्री साहू ने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है। डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस के दाम लोगों को रुला रही है, भारत के पूर्ववर्ती सरकारों ने जो बड़े-बड़े सार्वजनिक उपक्रम बनाए थे जैसे एयरपोर्ट, रेलवे आदि को बेचने काम कर रही है।
तीन कृषि काले कानून के लिए देश का अन्नदाता किसान दिल्ली की सीमाओं के 3 महीने से धरना दे रहे हैं। क्या विजय बघेल ने कभी इस विषय पर जनता के हित में सदन में सरकार से प्रश्न पूछा था।
केंद्र सरकार की एक-एक नीति विनाशकारी बनती जा रही है। देश की जनता को सब्जबाग दिखाकर जाति, धर्म के नाम पर भय दिखाकर राज करना भाजपा की नीयत है।
एक ओर भूपेश बघेल की सरकार की उपलब्धियां राज्य और देश के सामने हैं। अभी-अभी सर्वे में भूपेश बघेल को 100 नामचीन व्यक्ति के क्रम में 26 वें नंबर पर ला खड़ा किया है l आज छत्तीसगढ़ की जन कल्याणकारी नीति देश के लिए रोल मॉडल का काम कर रही है। ऐसे में विजय बघेल अनर्गल प्रलाप करना बंद करें और अपने कार्यकाल की उपलब्धि जनता के सामने पेश करें। श्री साहू ने यह भी कहा कि विजय बघेल स्वयं किसान है। वे बताएं उन्होंने अपना धान किस जगह बेचा है और उससे उनकी आय दुगनी हुई है या नहीं।
दुर्ग सांसद विजय बघेल अनर्गल प्रलाप बंद करें और छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगे: अश्वनी
