बेटा रायपुर अस्पताल में भर्ती हालत स्थिर
गरियाबंद /रायपुर / एक ही परिवार के तीन लोगों ने कीटनाशक पी कर आत्महत्या करने की कोशिश की है। घटना में माता-पिता की मौत हो गयी हैं, वहीं पुत्र को गंभीर अवस्था में रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।
घटना फिंगेश्वर थाना के ग्राम बहेरापाल की है। मृतक दुर्गेश साहू (50 वर्ष) अपनी पत्नी पुनिया बाई (48 वर्ष), बेटे पुष्पेंद्र साहू (25) और बहू के साथ रहता था। बहू होली मनाने के लिए अपने मायके गयी हुई थी। इसी दौरान तीनों ने कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की।
घटना मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा अंदर से नहीं खोला गया तो पड़ोसियो ने खिड़की से झांक कर देखा। अंदर के आंगन में पुष्पेंद्र बेहोश पड़ा हुआ और उसके माता पिता अंदर कमरे में बेसुध पड़े हुये थे, जिसके बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस थाने में दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर इलाज के दौरान दुर्गेश और उसकी पत्नी ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर अवस्था में पुष्पेंद्र को रायपुर के मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा हैं कि होली के पहले पुष्पेंद्र की पत्नी का घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद वो होली मनाने के लिए अपने मायके चली गयी थी। मायके जाने के बाद पति और उसके माता पिता ने खेत में छिड़कने वाली कीटनाशक दवाई पी ली थी। मृतकों ने आत्महत्या क्यों की अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया हैं । फिलहाल मृतक का बेटा अस्पताल में भर्ती हैं और उसके ठीक होने के बाद पुलिस इस संबंध में उससे पूछताछ करेगी। इधर फिंगेश्वर थाना प्रभारी ने बात करते हुए बताया कि, इस पूरे मामले में सभी एंगल को जोड़कर इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा भी कर लिया जायेगा।
परिवार ने खाया जहरः माता-पिता की मौत
