बठेना पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस को घटना की सघन जांच के निर्देश दिए, पीड़ित परिजनों को 5 लाख देने की घोषणा की

पाटन। बठेना पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस को घटना की सघन जांच के निर्देश दिए हैं।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मृतकों के परिजनों से भी मिले और पीड़ित परिवारजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा मृतकों के घर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।
गौरतलब हो कि पाटन स्थित ग्राम बठेना के राम बृज गायकवाड़ परिवार के 5 सदस्य की मौत 9 मार्च को हुई थी, जिसमें राम बृज गायकवाड एवं उनके पुत्र संजू गायकवाड के द्वारा घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या की गई थी। घर से 50 मीटर की दूरी पर उनकी पत्नी एवं दोनों ही बेटियों के शव जली हुई अवस्था में मिले थे। साथ ही घर से दुर्ग पुलिस के द्वारा एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसमें राम बृज गायकवाड के द्वारा आर्थिक लेनदेन के कारण आत्महत्या किए जाने का उल्लेख किया गया था। घटना के 3 दिन के बाद भी अब तक कोई खुलासा दुर्ग पुलिस नहीं कर पाई है। मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण लगातार घटना की जानकारी मिलने के बाद राजनीतिक पार्टियों का आना बना हुआ है। अनुसूचित जाति आयोग के अलावा छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के अमित जोगी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी मृतक के परिजनों से भेंट कर चुके हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज विवेकानंद सिन्हा, कलेक्टर डाक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे, पुलिस अधीक्षक दुर्ग प्रशांत ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम भी मौजूद थी।

Leave a Reply