रायपुर/ राज्य सरकार छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा निर्मित हर्बल दवाओं, उत्पादों और लघु वनोपज के प्रसंस्करण से प्राप्त प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का क्रय करेगी। राज्य लघु वनोपज संघ के पास उत्पाद उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में संघ से अनापत्ति प्राप्त कर उत्पादों की खरीदी बाजार से की जाएगी। साथ ही उत्पादों के संबंध में छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम के प्रावधान के अनुसार निविदा आमंत्रण को शिथिल किया जाएगा। यह निर्णय आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
बैठक में प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्र में कोदो-कुटकी और रागी की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने का निर्णय भी लिया गया।
मंत्रिमंडल ने समर्थन मूल्य पर हुई धान खरीदी के बाद भारतीय खाद्य निगम द्वारा चैबीस लाख मीटरिक टन चावल लिए जाने और पीडीएस के लिए चैबीस लाख मीटरिक टन चावल की आवश्यक मात्रा निकालने के बाद बचे हुए करीब बीस लाख मीटरिक टन सरप्लस चावल की निराकरण समिति स्तर से नीलामी करने का निर्णय लिया है। नीलामी में प्राप्त अधिकतम दर का अनुमोदन धान खरीदी और कस्टम मीलिंग के लिए गठित मंत्रिमंडलीय उप समिति द्वारा किया जाएगा।
मंत्रिमंडल ने कोरबा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड द्वारा एक सौ बीस मेगावाॅट क्षमता की दोनों इकाइयों को बंद करने के लिए संचालक मंडल द्वारा लिए गए निर्णय का भी अनुसमर्थन किया।
राज्य सरकार छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा निर्मित हर्बल दवाओं का क्रय करेगी- केबिनेट की बैठक में लिया गया निर्णय
