0 4 मई को बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद भी नियमितिकरण-पदोन्नति की प्रक्रिया अधर में
दुर्ग। स्टेट वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के नियमितिकरण और पदोन्नति का मामला लटकाने से प्रभावित कर्मचारियों ने नाराजगी जताई है। कार्पोरेशन के अफसरों की लापरवाही से दैवेभो कर्मचारियों के नियमितिकरण के मामले में महीनों बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। बोर्ड की बैठक में सेटअप एंड रेगुलेशन 2020 लागू करने का प्रस्ताव पारित होने के महीनों बाद भी नियमितिकरण न होने पर अब दैवेभो कर्मचारियों ने कार्पोरेशन के चेयरमेन अरुण वोरा से गुहार लगाई है।
स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष दीनदयाल साहू के साथ संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कार्पोरेशन के चेयरमेन अरुण वोरा को जानकारी देते हुए बताया कि 4 मई 2020 को कार्पोरेशन के बोर्ड ऑफ डॉयरेक्टर की 43 वीं बैठक में सेटअप एंड रेगुलेशन 2020 को बोर्ड ऑफ डॉयरेक्टर की बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। इसके बावजूद अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्पोरेशन के अफसरों की टालमटोल और लेटलतीफी से नियमितिकरण-पदोन्नति की प्रक्रिया अभी तक लटकी है। इसके कारण दैवेभो कर्मचारी सहित सभी वर्ग के कर्मचारी परेशान हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन एक स्वशासी संस्था है और हमेशा लाभ की स्थिति में रही है। वित्तीय दृष्टि से कार्पोरेशन पूरी तरह आत्मनिर्भर है। नियमितिकरण और पदोन्नति करने पर जो भी व्यय होगा, उसका व्यय वहन करने में कार्पोरेशन सक्षम है। इस लिहाज से नियमितिकरण- पदोन्नति की प्रक्रिया तत्काल होना चाहिए।
वोरा ने यूनियन पदाधिकारियों की समस्या सुनने के बाद कहा कि मई 2020 को बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार दैवेभो कर्मचारियों के नियमितिकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वोरा ने कार्पोरेशन के अफसरों को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सेटअप एंड रेगुलेशन 2020 के तहत दैवेभो कर्मचारियों के नियमितिकरण सहित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया जाएगा।
