भाटापारा। भारतीय जनता पार्टी ने धान ख़रीदी की चौपट कर दी गई व्यवस्था, किसानों की परेशानी और वादाख़िलाफ़ी को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। शुक्रवार को प्रदेशभर में इन मुद्दों को लेकर भाजपा ने जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार की विफलता, किसानों की आत्महत्या, रकबा कटौती, गिरदावरी, पिछले वर्ष ख़रीदे गए धान के लंबित भुगतान, प्रदेश सरकार द्वारा बारदाना को लेकर किए जा रहे सियासी प्रलाप, वादाख़िलाफ़ी, किसानों को ज़बरन परेशान किए जाने जैसे अनेक मुद्दों पर प्रदेश सरकार पर हमला बोलकर पार्टी ने जन-जागृति का शंखनाद किया।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में आहूत धरना-प्रदर्शन शामिल होने उपाध्यक्ष भाजपा,विधायक भाटापारा शिवरतन शर्मा के नेतृत्व में लगभग 600 मोटरसाइकिल के साथ विधानसभा के किसान,कार्यकर्तागण, व पदाधिकारीगण बाइक रैली के रूप में धरना स्थल तक भाजपा कार्यालय भाटापारा से बलौदाबाजार पहुचे.. उक्त रैली का नेतृत्व करते हुए स्वयं विधायक शिवरतन शर्मा भी बाइक चलाते हुए भाटापारा से रैली लेकर बलौदाबाजार तक गए..
शिवरतन शर्मा ने रैली के पूर्व भाजपा कार्यालय भाटापारा में चर्चा के दौरान कहा कि किसानों के प्रति प्रदेश सरकार ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दी हैं। किसानों का पूरा धान ख़रीदने से बचने के नित-नए बहाने करके षड्यंत्रों का जाल बुन रही प्रदेश सरकार ने पिछले दो साल में सिर्फ़ अपने किसान-विरोधी चरित्र का ही परिचय दिया है। प्रदेश के किसानों को पिछले वर्ष बेचे गए धान की क़ीमत की अंतर राशि की चौथी किश्त अब तक प्रदेश सरकार ने नहीं दी है। शिवरतन शर्मा ने कहा कि रकबा कटौती और गिरदावरी के प्रदेश सरकार के तुग़लक़ी फरमान के चलते प्रदेश के किसानों को आत्महत्या के लिए विवश होना पड़ा है। इस साल सरकार जो धान ख़रीद रही है, उसका भुगतान भी पखवाड़े और लगभग माहभर बीत जाने के बाद भी किसानों के खाते में जमा नहीं हो रहा है। श्री शर्मा ने तंज कसा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कहते हैं कि जिस राज्य में किसान आत्महत्या करता है वहाँ की सरकार निकम्मी है। पर दिल्ली में किसानों के आंदोलन की आड़ में झूठ और नफ़रत की सियासत कर रहे राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ के किसानों की सुध लेने की फ़ुर्सत तक नहीं है। आज प्रदेश के गाँवों में आक्रोश फैल रहा है और किसानों के साथ खड़ी होकर उनका संबल बढ़ाने आज भाजपा धरना दे रही है।
शिवरतन शर्मा ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता के लिए जो कसमें खाईं थीं, जो वादे प्रदेश की जनता और किसानों से किए थे, उन्हें पूरा करने में वह बुरी तरह विफल रही है। श्री शर्मा ने कहा कि दरअसल सरकार का पेट और जेब दारू से भर रहा है, तो ये किसानों की चिंता क्यों करेंगे? प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर तमाम कांग्रेस नेता वादाख़िलाफ़ी, छलावा, धोखाधड़ी ख़ुद कर रहे हैं और अनर्गल प्रलाप कर दोष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मढ़ने की शर्मनाक हरक़तें कर रहे हैं। गिरदावरी और पिछले वर्ष के 13सौ करोड़ रुपए मूल्य का धान सड़ा देने पर कटाक्ष करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि चावल जमा करने के नाम पर भी प्रदेश सरकार लगातार झूठ बोलकर किसानों और प्रदेश को ग़ुमराह करने में लगी है।
उक्त अवसर पर राकेश तिवारी जिलामंत्री, मोहन बांधे पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका,महाबल बघेल जिला मंत्री,योगेश अनन्त महमंत्री,गोपाल देवांगन महामंत्री,सुनील यदु पूर्व उपाध्यक्ष नगर पालिका,आशिष जायसवाल विधायक प्रतिनिधि, ,रोशन साहू महामंत्री,पवन वर्मा, मथुरा यदु,देवक साहू,अशोक निषाद,लच्छू वर्मा,सतीश सोनी,गोलू देवांगन, ,मुकेश सोनी,लाला शर्मा,आशसि पुरोहित,दिलीप यादव,अनिल चेलक,खगेंद्र यादव,कुंजराम कोशले,देवेन्द्र साहू,भागवत साहू,वैभव तिवारी,,आशिष टोडर,श्रेणीक गोलछा,रवि वर्मा,दरवेश हबलानी, प्रकाश ठाकुर,प्रकास दुलानी,प्यारे रजक,बहोरिक यदु,गजहँस ठाकुर,शुभम राजपूत,भरत डहरिया,पिंटू धृतलहरे, रिंकू हरबंश,पवन साहू,दिलीप च बड़ी संख्या में किसानजन,कार्यकतागण, पदाधिकारीगण शामिल हुए।
बुलेट चला कर बलोदा बाजार गए विधायक
शुक्रवार को जिला मुख्यालय में आयोजित विशाल किसान धरना सम्मेलन में शामिल होने के लिए विधायक शिवरतन शर्मा स्वयं बुलेट चला कर बलोदा बाजार धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे। उनके साथ काफी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मोटरसाइकिल में बलौदा बाजार गए।
–
