दुर्ग। जिला अस्पताल में आज से कोरोना वैक्सिनेशन की शुरुआत हो गई। पहला टीका डॉ सुगम सावंत को सुबह 11 बजकर 11 मिनट पर लगाया गया। इसके बाद डॉ. कमलेश दत्त तिवारी और डॉ. रजनीश कांत मल्होत्रा को टीके लगाए गए। टीके लगाने के बाद डॉक्टरों ने कहा कि वे एकदम सामान्य महसूस कर रहे हैं। पहला टीका लगाने के दौरान विधायक अरूण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. बाल किशोर मौजूद थे।
इस मौके पर विधायक अरूण वोरा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य में आज से टीकाकरण की शुरुआत हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में पूरे राज्य में कोरोना टीकाकरण की पुख्ता तैयारियां की गई हैं। दुर्ग जिले में भी आवश्यक तैयारियां करने के बाद आज से टीकाकरण की शुरुआत हो चुकी है। आगामी दिनों में सभी लोगों को इस वैश्विक महामारी से बचाने के लिए टीकाकरण किया जाना है। सभी कोरोना वारियर्स और नागरिकों के सहयोग से इस महामारी से बचाने का अभियान निश्चित रूप से सफल होगा।
आपको बता दें कि जिले में आज से कोरोना वारियर्स को वैक्सीन लगाने का काम शुरू किया गया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोरोना वारियर्स यानी हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाने के बाद 50 से अधिक आयु के हाई रिस्क ग्रुप्स को और इसके बाद अन्य जरूरतमंदों को वैक्सीन लगाई जाएगी। आज शनिवार को चयनित केंद्रों में 100 कोरोना वारियर्स को वैक्सीन लगाया जाना है। वैक्सीन लगाने के लिए 5 केंद्रों में व्यवस्था की गई है। जिला चिकित्सालय दुर्ग, श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज जुनवानी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र-पाटन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुरा, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठधाम में वैक्सिनेशन किया जाएगा।
वैक्सीन लगाने के बाद व्यक्ति को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। किसी भी प्रकार की परेशानी, एलर्जी इत्यादि होने पर आपातकालीन चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि 18 जनवरी से 30 जनवरी तक कोरोना वायरस का वैक्सीन लगाने के लिए 13 केंद्र चयनित किए गए हैं। इन केंद्रों में मंगलवार, शुक्रवार और शासकीय अवकाश को छोड़कर शेष दिवसों में वैक्सिनेशन किया जाएगा।
इन केंद्रों में जिला चिकित्सालय दुर्ग, पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर- 9, श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज जुनवानी, चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल सुपेला, सामुदायिक केंद्र पाटन, सामुदायिक केंद्र झीट, सामुदायिक केंद्र धमधा, सामुदायिक केंद्र अहिवारा, सामुदायिक केंद्र कुम्हारी, सामुदायिक केंद्र बोरी, सामुदायिक केंद्र निकुम और सामुदायिक केंद्र उतई शामिल हैं। किसी भी प्रकार की विपरीत प्रतिक्रिया होने पर प्रत्येक वैक्सीनशन केंद्र एईएफआई उपचार केंद्र स्थापित किया गया है। सभी केंद्रों में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। दुर्ग जिले में कुल 10260 डोज वैक्सीन उपलब्ध है।
