नई दिल्ली/आज से केंद्र सरकार के आदेशानुसार कोविड -19 टीकाकरण अभियान का पूर्वाभ्यास सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू हो गया है। इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। इस अभियान से सुनिश्चित किया जाएगा कि हम देशव्यापी टीकाकरण के लिए कितने तैयार हैं। ऐसा ही पूर्वाभ्यास कुछ दिन पहले चार राज्यों असम, आंध्र प्रदेश, पंजाब और गुजरात में आयोजित किया गया था। उस दौरान सरकार ने अपनी व्यवस्थाओं का दुरुस्त माना था, तब सरकार ने और राज्यों में भी मॉक ड्रिल की बात कही थी।
जीटीबी अस्पताल का दौरा करने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वो अफवाहों पर ध्यान ना दें। वैक्सीन की सुरक्षा और प्रभावकारिता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। पोलियो प्रतिरक्षण के समय पर कई तरह की अफवाहें फैलाई गई थीं लेकिन लोगों ने वैक्सीन ली और आज भारत पोलियो मुक्त बन चुका है।
दिशा-निर्देशों का पालन कर किया जा रहा है पूर्वाभ्यास – डॉ. हर्षवर्धन- केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि चार राज्यों में पूर्वाभ्यास करने के बाद मिले फीडबैक को टीकाकरण के लिए दिशा-निर्देशों में शामिल किया गया था। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज चल रहे पूर्वाभ्यास को पूरे दिशा-निर्देशों के जरिए चलाया जा रहा है। कोविड-19 वैक्सीनेशन के पहले चरण में, अधिकांश प्राथमिकता वाले लाभार्थियों को मुफ्त में कोरोना वैक्सीन दी जाएगी, जिसमें एक करोड़ हेल्थकेयर और दो करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने जालना में आयोजित हुए कोविड-19 वैक्सीनेशन के पूर्वाभ्यास की समीक्षा की।
रायपुर में कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियां परखने पुरानी बस्ती स्थित सरस्वती प्राथमिक शाला में ड्राई रन का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने इसका निरीक्षण किया और इस दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के सात जिलों में आज कोरोना वैक्सीनेशन का ड्राई रन आयोजित किया गया। ये मॉकड्रिल रायपुर, सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, बस्तर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में किये गया।
कोविड -19 टीकाकरण अभियान का पूर्वाभ्यास देश में शुरू
