मोतीलाल वोरा के निधन पर राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने दी श्रद्धांजलि

भाटापारा। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोतीलाल वोरा का 93 वर्ष की आयु में सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। उनके निधन पर राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े सभी लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की है । भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिवरतन शर्मा ने वोरा के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है और अपने शोक संदेश में कहा है कि निसंदेह वोरा जी का जाना मन को स्तब्ध कर दिया है। मोतीलाल वोरा का निधन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि मोतीलाल वोरा अपने पूरे जीवन काल में हमेशा सक्रियता के साथ काम करते रहे हैं। छत्तीसगढ़ निगम मंडल के सदस्य सतीश अग्रवाल ने भी अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि कांग्रेस परिवार ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ के लिए मोतीलाल वोरा का जाना अपूरणीय क्षति रहेगी। वे हमेशा गुटों की राजनीति से अपने आप को दूर रखते हुए राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी, ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मंडी उपाध्यक्ष रमेश यदु ने मोतीलाल वोरा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि वोरा राजनीति में एक सच्चे इंसान थे और उन्होंने हमेशा ही मूल्यों की राजनीति की। कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि सुनील महेश्वरी ने भी मोतीलाल वोरा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनका जाना ऐसा है जैसे परिवार का कोई वरिष्ठ सदस्य चला गया हो। प्रदेश कांग्रेस के सचिव गणेश सिंह ध्रुव एवं प्रदेश कांग्रेस के सचिव सुशील शर्मा, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अरुण ताम्रकार ने भी मोतीलाल वोरा के निधन पर शोक व्यक्त किया है और कहा है कि बाबू जी कांग्रेस के अथक योद्धा थे। मोतीलाल वोरा जीवन भर कांग्रेस पार्टी के लिए इमानदारी से पूरी निष्ठा से कार्य करने वाले महान व्यक्ति थे इनके निधन से कांग्रेस को भारी क्षति हुई है। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष  सरिता ठाकुर, जनपद पंचायत की अध्यक्ष  संगीता मनोहर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष  सुनीता गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ईश्वर सिंह ठाकुर, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज किशोर अग्रवाल पप्पी, कांग्रेसी नेता सत्यनारायण सिंह ठाकुर एवं नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष त्रिलोक सिंह सलूजा, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आलोक मिश्रा, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, कमल ठाकुर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र यदु आदि ने भी मोतीलाल वोरा के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।

Leave a Reply