0 एमन के गांव सहित अंचल में खुशी की लहर
पाटन/ दृढ़इच्छा शक्ति, कड़ी मेहनत और लगन हो तो हर चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। यह साबित कर दिखाया है, पाटन क्षेत्र के एक होनहार युवक ने। जिन्होंने न केवल जेआरएफ यानी यूनियर रिसर्च फैलोशिप की परीक्षा को सफलता से पास किया बल्कि सहायक प्राध्यापक के रूप में उनका चयन यह बताता है कि यदि प्रतिभा है तो कठिन से कठिन परीक्षा से पार पाया जा सकता है। हम बात कर रहे हैं पाटन क्षेत्र के जामगांव (आर) से कुछ दूरी पर स्थित ग्राम बोरवाय के एक प्रतिभाशाली युवक एमन कुमार साहू की, जिन्होंने गरीबी, मुफलिसी और तंगहाल जिंदगी के बीच एक लंबी उड़ान भरी है। एमन के माता-पिता और एक बड़े भाई खिलावन साहू खेती-किसानी व मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। एमन खेती-किसानी के साथ ईंट-रेती-गिट्टी के निर्माण में मिस्त्री का कार्य करते हुए अपने अदम्य साहस और कुछ कर गुजरने की प्रबल इच्छा के दम पर वह मुकाम हासिल किया, जो किसी भी युवक के लिए सपने से कम नहीं है। युवा एमन की अब तक के सफर की बात करें तो उन्होंने कक्षा 12 वीं की पढ़ाई जामगांव (आर) में पूरी की, जहां उन्हें 87 प्रतिशत अंक मिले। उन्होंने हिंदी साहित्य में प्रायवेट छात्र के रूप में एम.ए. की शिक्षा हासिल की है। इसके बाद एमन ने यूजीसी से नेट और सेट जैसी कठिन परीक्षाओं में भी सफलता हासिल की। लेकिन वे यहीं नहीं रूके और जे.आर.एफ. (जूनियर रिसर्च फैलोशिप) के लिए पढ़ाई जारी रख इसमें सफलता हासिल कर स्वयं के साथ माता-पिता, घर-परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रौशन किया।
एमन कुमार साहू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भैया और जामगांव के हिन्दी साहित्य के प्राध्यापक डॉ. अम्बरीश त्रिपाठी को दिया है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके गांव बोरवाय के साथ अंचल में खुशी की लहर है और उन्हें बधाईयां दी जा रही है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री के ओएसडी आशीष वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अश्वनी साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश चन्द्राकर, जनभागीदारी जामगांव आर कॉलेज अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला, दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष उमाकांत चंद्राकर, समाजसेवी युवा कांग्रेस नेता युगल किशोर आडिल, कांग्रेस नेता भेष आठे, गुलाब साहू अध्यक्ष परिक्षेत्रीय समाज जामगांव आर, द्वारिका साहू, किशोर साहू पूर्व अध्यक्ष साहू समाज जामगांव आर, ग्राम पंचायत बोरवाय के सरपंच भीम साहू , गरुजी भेल चन्द्रकार, बेनू राम कामरे, सौरभ कामरे, चंद्रशेखर देवांगन, गीतेश्वर देवांगन, त्रिलोक चन्द्राकर, भूषण साहू, देवेंद्र बघेल, खिलेश्वर कामरे, दिनेश चन्द्राकर, प्रेम प्रकाश पांडेय, चिंतन धीवर, पोषन साहू, ऋषभ चन्द्राकर, डाला साहू, ने एमन कुमार की इस महत्वपूर्ण सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है ।
