नई दिल्ली/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा से उनके दिल्ली स्थित 7 एवेन्यू रोड स्थित निवास पर मुलाकात की। करीब एक घंटे की मुलाकात के दौरान बघेल ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा के स्वास्थ्य का हाल जाना। बातचीत के दौरान प्रदेश सरकार की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय राजनीति पर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा को पिछले माह कोरोना संक्रमण हुआ था जिसके बाद वोरा पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वोरा के स्वास्थ्य का हाल जानने के साथ ही उनसे राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर की राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा की। राज्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। केंद्र सरकार के कृषक बिल को लेकर भी चर्चा हुई।
वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार की नीतियों, योजनाओं की जमकर तारीफ की। विशेषकर नरवा-गरुवा-घुरवा-बारी योजना और गोधन न्याय योजना सहित ग्रामीण इलाकों में आर्थिक तरक्की और विकास योजनाओं के साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, सुपोषण अभियान की जमकर तारीफ की। वोरा ने मुख्यमंत्री को कोरोना संकट का सामना बेहद निपुणता से करने के लिए बधाई भी दी।
वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों भरा बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जनता के हितों के लिए बहुत अच्छी योजनाओं पर काम हो रहा है। बघेल के नेतृत्व में किए जा रहे जनहितकारी कार्यों के कारण छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पिछले विधानसभा चुनावों से भी ज्यादा मजबूत हो गई है। वोरा ने बघेल को उनके दो साल के शानदार कार्यकाल के लिए बधाई दी।
