भाटापारा। भाटापारा नगर की यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस जितेंद्र कुमार यादव सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नलो को पुनः चालू करवा दिया है। बुधवार को वे स्वयं नए बस स्टैंड चौक पर खड़े होकर ट्रैफिक सिग्नल को चालू करवाया और आने जाने वालों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु समझाइश भी दी। पिछले 1 सप्ताह से लगातार नगर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं और इसके साथ ही अब लोगों को ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने की आदत डालने की समझाइश भी दी जा रही है। कहां जा रहा है कि जब भी सिग्नल ग्रीन हो तभी वह आगे की ओर रवाना हो। पिछले 1 सप्ताह के भीतर अनेक लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और लोगों को जुर्माना किया गया। जितेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में उप निरीक्षक हितेश जंघेल, सहायक उपनिरीक्षक टेक सिंह राजपूत, हवलदार दिलीप कुमार पांडे, हवलदार धनेश्वर दुबे ट्रैफिक के अन्य स्टाफ के द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्यवाही की गई और इसके साथ ही लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए समझाया गया है। बिना ड्राइविंग लाइसेंस तीन सवारी गाड़ी चलाने हेलमेट का उपयोग नहीं करने, शराब पीकर वाहन चलाने आदि ऐसे अनेक मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि यह अभियान निरंतर चलता रहेगा। कोशिश होगी कि लोग यातायात नियमों का पालन करें ताकि पुलिस प्रशासन को किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने की जरूरत ना पड़े।
यातायात को दुरूस्त करने सड़कों पर उतरे आईपीएस जितेंद्र यादव
