नई दिल्ली/ असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का 86 साल की उम्र में सोमवार को निधन हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री के निधन की जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व शर्मा ने दी। कांग्रेस के 86 वर्षीय दिग्गज नेता को कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त होने के बाद पैदा हुई दिक्कतों की वजह से दो नवंबर को जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी और अस्पताल के अधिकारियों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।
तरुण गोगोई के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने कहा, ”श्री तरुण गोगोई जी एक लोकप्रिय नेता और एक वयोवृद्ध प्रशासक थे, जिन्हें असम के साथ-साथ केंद्र में भी राजनीतिक अनुभव था। उनके निधन से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरे विचार उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”
इससे पहले तरुण गोगोई के स्वास्थ्य में रविवार सुबह मामूली सुधार देखा गया था। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के अधीक्षक अभिजीत शर्मा ने बताया था उनके गुर्दे ठीक से काम कर सकें, इसके लिए दिन में चिकित्सकों ने डायलिसिस का पहला चक्र पूरा किया था। राज्य के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके तरुण गोगोई 25 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उन्हें जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। बीस दिनों तक उपचार चलने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था। गोगोई को ऑक्सीजन स्तर कम होने के कारण 24 सितंबर को फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया था और अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। पूर्व मुख्यमंत्री को एक बार फिर एक नवंबर को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
