कोरोना: भाटापारा में कल से लगेंगे जांच शिविर

भाटापारा । आगामी शीत ऋतु में कोरोना के बढ़ते संक्रमण की आशंका को देखते हुए जिला कलेक्टर सुनील कुमार जैन के निर्देश पर नगर पालिका भाटापारा के द्वारा बुधवार 18 नवंबर से विभिन्न भागों में कोरोना जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कलेक्टर सुनील कुमार जैन के निर्देश पर ही बुधवार से प्रतिदिन नगर के वार्डों में कोरोना जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को नयापारा वार्ड में शिविर आयोजित है, जबकि गुरुवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में जांच शिविर लगेगा। शुक्रवार को नया गंज वार्ड में, शनिवार को मुंशी स्माइल वार्ड में, रविवार को संत रविदास वार्ड में, सोमवार को स्टेशन वार्ड में फिर बुधवार को बजरंग वार्ड में, गुरुवार को मां सती वार्ड में, शुक्रवार को संजय बाग में, शनिवार को शंकर वार्ड में, रविवार को गांधी मंदिर वार्ड में व सोमवार को नेहरू वार्ड में शिविर लगेगा। मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने समस्त लोगों से अपील की है कि सर्दी-खांसी व बुखार आदि के लक्षण दिखने पर अनिवार्यतः शिविर में आकर कोरोना टेस्ट करवाएं एवं नगर को कोरोना मुक्त करने में प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। यह माना जा रहा है कि दीपावली त्यौहार में जमकर भीड़ रही और इधर सर्दी में कोरोना संक्रमण बढ़ने की पूरी आशंका है। इसको देखते हुए जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने भी टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। भाटापारा में प्रतिदिन 290 टेस्ट किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply