
*मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में की शिरकत, युवा क्रिएटर्स से पॉडकास्ट शैली में किया संवाद*
*जनता की पसंद से चुने गए क्रिएटर्स, 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में अवॉर्ड्स*
*कंटेंट क्रिएटर्स अपनी रचनात्मकता से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को दे रहे नई पहचान*
*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में हुए शामिल*
रायपुर/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपने कैमरे और रचनात्मकता से छत्तीसगढ़ की ऐसी सुंदर तस्वीर देश-दुनिया के सामने ला रहे हैं, जिससे प्रदेश की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन स्थलों और छत्तीसगढ़ी भाषा को नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म सूचना एवं संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच लाखों लोगों तक है। वे मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और जनहित के विषयों को लोगों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। छत्तीसगढ़ के जनजातीय और ग्रामीण अंचलों की समृद्ध परंपराओं, कला-संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाने में क्रिएटर्स का योगदान अहम हो सकता है।

*जनता की पसंद से चुने गए क्रिएटर्स, 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में अवॉर्ड्स*
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। अवॉर्ड्स के लिए 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।
*पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर : जिम्मेदारियों ने सिखाया जीवन का बड़ा पाठ*
कार्यक्रम में पॉडकास्ट शैली में युवा क्रिएटर्स से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के सफर से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने उन्हें पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।

*किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता, 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदी*
खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और उन्होंने खेती को करीब से देखा है। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं और जरूरतों को वे समझते हैं। हमारी सरकार किसानों की सरकार है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। पात्रता के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।
*प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन तथा जवानों के अदम्य साहस से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता*
नक्सलवाद के खात्मे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 31 मार्च 2026 का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प और हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द सहा है। अब वहां शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। सरकार का सपना है कि बस्तर का हर बच्चा बिना डर के स्कूल जाए, हर युवा अपने सपने पूरे करे और हर परिवार खुशहाली के साथ जीवन बिताए।

*बस्तर में विकास और जनसुविधाओं का विस्तार, 34 लाख लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच*
मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास के लिए संचालित योजनाओं और अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में राशन दुकानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ दूरसंचार सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने यानी अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड बनवाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, ताकि वे शासन की योजनाओं का लाभ ले सकें।
*युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के नए अवसर*
युवाओं के रोजगार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवा देश है और छत्तीसगढ़ भी युवाओं का प्रदेश है। युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के साथ उद्योगों, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी अवसर सृजित किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक हजार रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं और महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं तथा विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। बस्तर में जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
*2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का विजन*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के मध्य में स्थित है और चार महानगरों से इसकी बेहतर कनेक्टिविटी है। प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और वन संपदा से समृद्ध है। यहां लौह अयस्क, कोयला, लिथियम और हीरे जैसे महत्वपूर्ण खनिज उपलब्ध हैं। छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य है। राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश के खनिज राजस्व में सरकार बनने के बाद से 5 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।

*कंटेंट क्रिएटर्स से पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को पहचान दिलाने की अपील*
मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स से अपील की कि वे बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और स्थानीय पर्यटन स्थलों को अपने कंटेंट के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को भी डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बड़े बाजारों तक पहुंचाने में क्रिएटर्स मदद कर सकते हैं। उनकी एक रील किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दे सकती है और उसके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। युवाओं को व्यायाम, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने के लिए भी प्रेरित किया।
*मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ खिंचवाई सेल्फी, पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई*
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने युवा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पहचान, यहां की लोकसंस्कृति, पर्यटन, जनजातीय परंपराओं और विकास की कहानियों को डिजिटल माध्यमों से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में केवल मोबाइल या कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।
