भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में लगी भीषण आग

*रातभर मौके पर डटे रहे कलेक्टर, डीआईजी होम गार्ड एंड एसडीआएएफ, निगम आयुक्त, डीसीपी नॉर्थ और प्रशासनिक अधिकारी*

*आग पर काबू पाने के लिए रातभर चला अभियान, सुबह तक घटनास्थल पर मौजूद रहे कलेक्टर सहित अधिकारी*

रायपुर/ रायपुर जिले के भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीम को रातभर मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित, डीआईजी होम गार्ड एवं एसडीआरएफ तथा निदेशक अग्निशमन सेवाएं श्री अजातशत्रु बहादुर सिंह, निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा तथा डीसीपी नॉर्थ सुश्री दीपमाला कश्यप जिला प्रशासन के अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

एडीएम श्री उमाशंकर बंदे,अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम श्री नभसिंह कोसले, तहसीलदार श्री राममूर्ति दीवान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। कलेक्टर, डीआईजी, निगम आयुक्त एवं डीसीपी नॉर्थ के मार्गदर्शन में दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की तथा आग बुझाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।

भीषण आग को देखते हुए कलेक्टर सहित सभी अधिकारी पूरी रात घटनास्थल पर डटे रहे। दमकल कर्मियों द्वारा पूरी रात लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया गया। सभी अधिकारी आग पूरी तरह बुझने तक घटनास्थल पर डटे रहे और आग पर काबू पाने के बाद ही मौके से लौटे।