महादेव ऑनलाईन सट्टा केस: सौरभ चंद्राकर को 19 तक न्यायिक हिरासत में भेजा

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी खबर सामने आई है। महादेव सट्टा नेटवर्क के प्रमुख आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर को सीबीआई कोर्ट ने 7 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है। अदालत के आदेश के बाद अब सौरभ चंद्राकर को रायपुर सेंट्रल जेल में रखा जाएगा। वहीं, इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय को फिलहाल झटका लगा है। सीबीआई कोर्ट ने ईडी के कस्टडी आवेदन को खारिज कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर को सीबीआई रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान ईडी की ओर से भी उसे अपनी हिरासत में लेने के लिए कस्टडी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। हालांकि, सीबीआई कोर्ट ने ईडी के इस आवेदन को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने ईडी को निर्देश दिया है कि वह सौरभ चंद्राकर की कस्टडी हासिल करने के लिए अपनी विशेष अदालत में आवेदन करे। इसके बाद अब ईडी अपने विशेष कोर्ट में सौरभ चंद्राकर को हिरासत में लेने की मांग करेगी। यानी सीबीआई कोर्ट से ईडी को सीधे कस्टडी नहीं मिल सकी और अब एजेंसी को इसके लिए अलग न्यायिक प्रक्रिया अपनानी होगी।

7 दिन तक रायपुर सेंट्रल जेल में रहेंगे सौरभ चंद्राकर

सीबीआई कोर्ट ने सौरभ चंद्राकर को 7 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। इसके बाद उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। न्यायिक रिमांड के दौरान वह जेल में रहेगा। इसके बाद 19 नवंबर को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस अवधि में ईडी अपनी विशेष अदालत में कस्टडी के लिए आवेदन कर सकती है। हालांकि, ईडी को कस्टडी मिलेगी या नहीं, इसका फैसला संबंधित विशेष अदालत करेगी।

लाइजनिंग के काम से सौरभ ने झाड़ा पल्ला

इस बीच, दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में 8 दिनों तक हुई पूछताछ में सौरभ चंद्राकर के बयानों को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सौरभ ने महादेव ऐप से जुड़े कथित लाइजनिंग के काम से अपना पल्ला झाड़ लिया। वहीं, रवि उप्पल द्वारा लाइजनिंग का काम संभालने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा सौरभ ने पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम संभालने की बात स्वीकार की है।

सूत्रों के मुताबिक, रवि उप्पल ने पूछताछ में लाइजनिंग से जुड़ी भूमिका स्वीकार की है। हालांकि, इन बयानों की आधिकारिक पुष्टि और उनकी विस्तृत परिस्थितियां सामने आना बाकी हैं।

पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम संभालने की बात स्वीकारी

पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने महादेव ऐप के पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम से जुड़ी जिम्मेदारी संभालने की बात स्वीकार की है। जांच एजेंसी की पूछताछ में कथित सट्टेबाजी नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन और अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले लोगों की भूमिका को लेकर सवाल किए गए।