मरवाही उपचुनाव: अमित और ऋचा जोगी का नामांकन खारिज

बिलासपुर। मरवाही उपचुनाव से अमित और ऋचा जोगी का नामांकन खारिज कर दिया गया है, क्योंकि उच्च स्तरीय छानबीन समिति ने आज अमित जोगी के जाति प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया। इससे पूर्व जिला स्तरीय छानबीन समिति ने ऋचा जोगी की जाति प्रमाण पत्र को भी निरस्त कर दिया था।
निर्वाचन कार्यालय में आज मरवाही उपचुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की गई। इस दौरान छानबीन समिति ने अमित जोगी की जाति प्रमाण पत्र को लेकर अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसमें अमित जोगी को कंवर नहीं मानते हुए उनके जाति प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया गया है। अमित जोगी के प्रमाण पत्र को निरस्त किए जाने के बाद जोगी के चुनाव लडऩे पर संशय बना हुआ था।
कल नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था। उपनिर्वाचन के लिए कुल 19 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा था। इसमें खास बात ये है कि जेसीसी-जे पार्टी की तरफ से 4 उम्मीदवारों ने नामांकन डाला था।
इसके अलावा आम्बेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया से पुष्पा कोर्चे, इंडियन नेशनल कांग्रेस से कृष्ण कुमार ध्रुव, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से रितू पंद्राम, निर्दलीय सोनमती सलाम, भारतीय जनता पार्टी से डॉ. गंभीर सिंह, निर्दलीय प्रताप सिंह भानू, निर्दलीय अर्पण सिंह पैंकरा, राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी से उर्मिला मार्को, भारतीय ट्रायबल पार्टी से वीरसिंह नागेश, भारतीय टॉयबल पार्टी से शिवप्रसाद भानू, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से अमित ऐश्वर्य जोगी, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से ऋचा जोगी, भारतीय सर्वजन हितेय समाज पार्टी से लक्ष्मण पोर्ते, निर्दलीय कल्याण सिंह करसायल, स्वाभिमान पार्टी से ओमकरण पोर्ते, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से गुलाब सिंह कंवर, शिवसेना से जयराज सिंह ओट्टी, छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) से पुष्पेश्वरी तंवर, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से मूलचंद सिंह ने नामांकन दाखिल किया था।

उल्लेखनीय है कि मरवाही विधानसभा निर्वाचन में एक लाख 90 हजार 907 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इनमें 97 हजार 209 महिला, 93 हजार 694 पुरूष और 4 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। विगत विधानसभा निर्वाचन 2018 की तुलना में इस बार मरवाही में 6 हजार 886 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
छत्तीसगढ़ राज्य विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 24 -मरवाही के लिए निर्वाचन किया जाना है। अनुसूचित जनजाति (अजजा) के लिए आरक्षित इस सीट के लिए आज 17 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की गई, जबकि अभ्यर्थी अपने नाम 19 अक्टूबर तक वापस ले सकेंगे। मरवाही विधानसभा उप-निर्वाचन के लिए मतदान 3 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 10 नवंबर को होगी।

Leave a Reply