रायपुर। सामाजिक संस्था अवाम ए हिन्द सोशल वेलफेयर कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को कोराना महामारी के दौर में आर्थिक बदहाली से जूझ रहे 14 गरीब परिवार की महिलाओं को स्वरोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाया गया है। जिसमे संस्था के द्वारा उन्हें अपनी आजीविका बढ़ाने हेतु स्वयं का लघु व्यवसाय के रूप में आलू, प्याज, हरी सब्जियां, तराजू बाट के साथ नगद राशि भी प्रदान कर समस्त निराश्रित परिवारों के जीवन यापन करने हेतु आत्मनिर्भर बनाया गया।
संस्थापक मो. सज्जाद खान ने बताया कि लॉकडाउन से प्रभावित कुछ निर्धन निराश्रित परिवारों ने संस्था के सम्मुख अपनी व्यथा, अपनी पीड़ा से अवगत कराते हुए मदद की गुहार लगाई । इन सबकी पीड़ा को संज्ञान में लेते हुए संस्था के सदस्यों के साथ मिलकर उन लोगों के निवास स्थल जाकर वास्तविक वस्तुस्थिति का जायज़ा लिया। जिसमें यह पाया गया कि हकीकत में उनके जीवन जीने के लिए कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था। ऐसे हालातों के मद्देनजर रखते हुए मानवता को जिंदा रखने के लिए त्वरित उन परिवारों की संस्था द्वारा मदद की गई, क्योंकि आज के समय पर यदि आर्थिक स्थिति कमजोर है, तो बहुत से लोग अपने मार्ग से भटक जाते या लोग गलत फायदा उठाते हैं। इसलिए संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के हर कमजोर तबके के लोगों को आत्मसम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनाना है।
विदित रहे कि, संस्था द्वारा स्थानीय नेहरू नगर, बूढ़ातालाब, शास्त्री मार्केट, रामनगर बस्ती, गुढ़ियारी इत्यादि क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार की व्यवस्था, बिना किसी शासकीय अनुदान से की गई है। इस कार्य में, संस्था के संस्थापक मोहम्मद सज्जाद खान के साथ पँडित अनिल शुक्ल, ज़ुबैर खान, अजहर शरीफ, राशिद बिलाल, नंदा रामटेके, प्रतिमा गजभिये, अरशद शरीफ, आवेस रज़ा, सुजाता भेलावे, लक्ष्मी तिवारी, ममता दिढ़ी, मास्टर अभय गजभिये सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
