
रायपुर। धरसीवां विधायक श्री अनुज शर्मा ने कहा है कि सुरक्षित भविष्य के लिए अब सौर ऊर्जा ही बेहतर विकल्प है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ आम बिजली उपभोक्ता अधिक से अधिक संख्या में उठाएं। विधायक श्री शर्मा ,17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चले सेवा सेतु अभियान के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा धरसीवां के सेवा सदन में आयोजित समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। श्री अनुज शर्मा ने लोगों से आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा मिल रहे अनुदान का लाभ लें और एक ऊर्जा दाता बनकर अपने आप को ऊर्जा संपन्न बनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैं जनपद पंचायत धरसीवां के उपाध्यक्ष श्री दिनेश खूंटे ने प्रदेश में विद्युत क्षेत्र के विकास और आमजन के जीवन में आए बदलाव को रेखांकित करते हुए पावर कंपनी के कार्मिकों के कार्यों की सराहना की।
समारोह के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सविता चंद्राकर ने सौर ऊर्जा संयंत्र पर अपने निजी अनुभवों को साझा करते हुए इसे उपभोक्ताओं के लिए बहुत ही लाभकारी बताया।

इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री अनीस कुमार लखेरा ने प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हो रही प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सवा लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं ने अपने घर पर सौर संयंत्र स्थापित कर अपने आप को ऊर्जा संपन्न बनाया है। उन्होंने आगे बताया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को शून्य बिजली बिल का लाभ मिल रहा है।
समापन अवसर पर पीएम सूर्य घर योजना के उन लाभार्थियों लाभार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया जिनके घर पर संयंत्र स्थापना के बाद शून्य या बहुत कम बिजली बिल आ रहे हैं।
समापन अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती पूजा वर्मा, सरपंच धरसीवां श्री साहिल खान, मुख्य अभियंता रायपुर शहर श्री संजीव सिंह, अधीक्षण अभियंता श्री श्रीमुरारी हरि, श्री महावीर विश्वकर्मा , कार्यपालन अभियंता श्री धनंजय वर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण तथा पावर कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
