आकाशवाणी रायपुर के उप निदेशक समाचार विकल्प रंजन शुक्ला का निधन, कल होगा अंतिम संस्कार 

रायपुर। आकाशवाणी रायपुर के उप निदेशक समाचार विकल्प रंजन शुक्ला का आज दिल का दौरा पडने से निधन हो गया। श्री शुक्ला ने दोपहर को पीठ दर्द की शिकायत की। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत हृदय रोग का उपचार कराने का परामर्श दिया। इसके बाद उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल भेज दिया गया। दुर्भाग्य से, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। श्री शुक्ला के परिवार में उनकी पत्नी और दो अविवाहित बेटियां हैं। श्री शुक्ला का अंतिम संस्कार कल सुबह दस बजे रायपुर के राजेन्द्र नगर स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।

भारतीय सूचना सेवा के वर्ष उन्नीस सौ तिरानवे बैच के अधिकारी, श्री शुक्ला छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक प्रसारण के प्रमुख स्तंभ थे। समाचार संचालन और रिपोर्टिंग में उनका असाधारण योगदान था। श्री शुक्ला की पहली नियुक्ति पत्र सूचना कार्यालय दिल्ली में हुई थी। उन्होंने दूरदर्शन और आकाशवाणी सहित कई मीडिया इकाइयों में कार्य किया। उन्होंने भोपाल में भी सेवाएं दीं और कैरियर के अंतिम पच्चीस वर्ष रायपुर में बिताए। अपने पूरे कैरियर में वे सार्वजनिक प्रसारण का प्रमुख चेहरा रहे। अपने उत्साह, सूझ-बूझ और मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले श्री शुक्ला छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारियों, पत्रकारों और मीडिया जगत में जाने-माने और सम्मानित अधिकारी थे। रायपुर के साथ लंबे जुड़ाव के कारण वे राज्य के आधिकारिक मीडिया जगत का जाना-माना चेहरा बन गए थे। आकाशवाणी परिवार उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह सहित राजनीतिक और पत्रकारिता जगत ने विकल्प रंजन शुक्ला के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री शुक्ला ने आकाशवाणी छत्तीसगढ़ के माध्यम से प्रादेशिक समाचारों और समसामयिक कार्यक्रमों के संपादन और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं, मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री शुक्ला का मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में उनकी दीर्घ सेवाएं, कर्तव्यनिष्ठा और सहज-सरल व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनका निधन छत्तीसगढ़ के मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने श्री शुक्ला के निधन को अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाला बताया है।

पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल ने श्री शुक्ला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता में उनका योगदान उल्लेखनीय है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय ने भी श्री शुक्ला के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

रायपुर प्रेस क्लब सहित साहित्यिक संगठनों ने भी श्री शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित की है।