रायपुर। लगातार बारिश के चलते खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महादेव घाट पुल के ऊपर करीब 5 फीट पानी बहने के कारण रायपुर-अमलेश्वर-पाटन मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है। इसके बावजूद नदी का बढ़ा जलस्तर देखने के लिए लोग पुल के दोनों ओर पहुंच रहे हैं और कई लोग जोखिम उठाकर फोटो व वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और लोगों को नदी तथा पुल के पास जाने से रोकने के लिए समझाइश दे रही है।
खारुन नदी शिवनाथ नदी की प्रमुख सहायक नदियों में शामिल है और इसका उद्गम बालोद जिले के गुरुर तहसील क्षेत्र से माना जाता है। पिछले तीन दिनों से बालोद सहित प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश के कारण नदी में पानी बढ़ गया है। बरसात के दौरान खारुन के उफान को देखने के लिए महादेव घाट के साथ रायपुर-दुर्ग मार्ग स्थित पुल के आसपास भी लोगों की भीड़ पहुंच रही है। लगातार बारिश के बीच इस तरह नदी और पुल के नजदीक जाना सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बना हुआ है।
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है और रायपुर समेत कई क्षेत्रों में बारिश जारी है। ऐसे में नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखना जरूरी है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि महादेव घाट में बढ़े जलस्तर के दौरान नदी और पुल के आसपास जाने से बचें तथा सुरक्षा के लिए जारी निर्देशों का पालन करें।
