जांजगीर-चांपा जिले में बड़ा हादसा: आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत, 3 झुलसे

0 बाड़ी में काम के दौरान झोपड़ी में रुके थे

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा गांव में बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में रुके 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग झुलस गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। महुदा गांव में बाड़ी में काम कर रहे लोग बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में रुके थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी और सभी उसकी चपेट में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम पसर गया है और परिजनों में चीख-पुकार मची है।

गौरतलब है कि मौसम में अचानक बदलाव के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं खतरनाक हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।

मृतकों की पहचान –

1. नरेश खैरवार पिता रामू खैरवार उम्र 24 वर्ष निवासी महुदा

2. रामभरोस पटेल पिता कंश राम पटेल उम्र 32 वर्ष

3. तुलसीराम पटेल पिता बेदराम पटेल उम्र 51 वर्ष के रूप में हुई है।