
*उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सॉफ्टबॉल खिलाड़ियों से की मुलाकात, कहा- खेल प्रतिभाओं को मिलेंगे बेहतर अवसर*
बीजापुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को बीजापुर स्पोर्ट्स एकेडमी में सॉफ्टबॉल के राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय एवं युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद कर खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के अनुभवों की जानकारी ली।
खेल मंत्री श्री साव को कोच ने बताया कि, स्पोर्ट्स एकेडमी के 12 खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां जिले के अन्य युवाओं को भी खेल मैदान से जुड़ने प्रेरित कर रही हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने शहीद कौशल यादव अवार्ड से सम्मानित राकेश कड़ती, सीएम ट्रॉफी से सम्मानित रेणुका तेलम, चंद्रकला तेलम, मीनू आर.की. और विमल तेलम सहित सॉफ्टबॉल के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता बीजापुर के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा है।
श्री साव ने कहा कि साय सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने आस-पास के बच्चों को भी खेल के मैदान से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना मजबूत होती है। खेल करियर के रूप में भी विकल्प बन सकता है। अभी सरकार ने 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा कर सरकारी नौकरी के लिए मार्ग प्रशस्त किया है।
गौरतलब है कि श्री साव ने बीजापुर कलेक्टोरेट में आयोजित विभागीय जिला समीक्षा बैठक में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों में खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
