0 10 लाख की आबादी वाले शहरों में कोरबा को मिला 10 वां स्थान
रायपुर/ केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायपुर 189 अंकों के साथ देश में छठे स्थान पर रहा। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि रायपुर ने पटना, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे कई बड़े महानगरों को पीछे छोड़ दिया।
इस श्रेणी में लखनऊ 198 अंकों के साथ पहले, इंदौर 197 अंकों के साथ दूसरे और जबलपुर 195 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भोपाल और आगरा को संयुक्त रूप से चौथा तथा सूरत को पांचवां स्थान मिला। इसके ठीक बाद रायपुर ने छठा स्थान हासिल कर देश के बेहतर प्रदर्शन करने वाले बड़े शहरों में अपनी जगह बनाई।
छत्तीसगढ़ के लिए सकारात्मक संकेत सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं हैं। दुर्ग-भिलाई ने भी टॉप-20 में स्थान बनाया है। दुर्ग-भिलाई 175.3 अंकों के साथ 17वें स्थान पर रहा है।जबकि 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में कोरबा 186.5 अंकों के साथ देश में 10वें स्थान पर रहा।
इन नतीजों से साफ है कि छत्तीसगढ़ के शहर स्वच्छ वायु प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और शहरी सुधार की दिशा में राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। खासकर रायपुर का बड़े महानगरों से आगे रहना बताता है कि शहर का आकार ही नहीं, बल्कि सड़क की धूल पर नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, औद्योगिक और वाहन उत्सर्जन में कमी तथा जनभागीदारी जैसे प्रयास भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में पटना 178 अंकों के साथ 16वें, दिल्ली 172 अंकों के साथ 21वें और मुंबई 160.8 अंकों के साथ 28वें स्थान पर रहा। वहीं चेन्नई 35 वें और कोलकाता 38 वें स्थान पर रहा।
