
पाटन। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूपेश बघेल का जन्मदिवस रविवार, 23 अगस्त को पाटन के रामलीला मैदान अखरा में गरिमामय और उत्साह के साथ मनाया गया। पाटन विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित राजीव भवन का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।
आत्मानंद चौक से राजीव भवन तक निकली बाइक रैली, हुआ भव्य स्वागत
जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आत्मानंद चौक से राजीव भवन तक बाइक रैली निकाली। रैली के माध्यम से भूपेश बघेल का स्वागत किया गया।

राजीव भवन का लोकार्पण
राजीव भवन के लोकार्पण से पूर्व विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पंडित कृष्ण कुमार तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने परंपरा के अनुसार राजीव भवन की दीवारों पर हाथों से कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पंजे के निशान का थापा लगाया। भवन की दीवारों पर पंजे के निशान लगाने की परंपरा कार्यक्रम का खास आकर्षण रही।
आज यानी 23 अगस्त का दिन पाटन के कार्यकर्ताओं का है, 1993 से मेरा जन्मदिन मनाते आ रहे हैं
सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि, “1993 से विधायक बना हूं, तब से पाटन क्षेत्र के कार्यकर्ता मेरे जन्मदिन का स्थान तय करते हुए कार्यक्रम करवाते आ रहे हैं। आज यानी 23 अगस्त का दिन पाटन के कार्यकर्ताओं का है। कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही पाटन में कांग्रेस भवन का निर्माण हुआ है।”
अंधभक्ति का दौर चल रहा…ईडी के जरिए डराने का प्रयास
बघेल ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय किसान और मजदूर का दिन था, जबकि वर्तमान दौर में अंधभक्ति का दौर चल रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार द्वारा किसानों की कर्जमाफी का उल्लेख करते हुए भाजपा पर उद्योगपतियों का कर्ज माफ करने का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए चुनाव के दौरान 15 लाख रुपये देने के वादे को लेकर कटाक्ष किया। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के खिलाफ बोलने वालों को ईडी की कार्रवाई के माध्यम से डराने का प्रयास किया जा रहा है।
मोदी-शाह ने बिट्टू को नेता बना दिया
भूपेश बघेल ने मंच से अपने बेटे चैतन्य बघेल का परिचय कराते हुए कहा, “मैंने अपने बेटे को नेता नहीं बनाया, लेकिन मोदी-शाह ने बिट्टू को नेता बना दिया।”
‘वर्तमान समय जेन-जी और जेन-अल्फा का है, नौजवान पीढ़ी ने डर के माहौल को खत्म किया’
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय जेन-जी और जेन-अल्फा की है। नौजवान पीढ़ी ने डर और भय के माहौल को खत्म करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश संक्रमण काल से गुजर रहा है और वर्तमान समय में आम परिवार के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। बघेल ने अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान को बढ़ाने का काम किया। उन्होंने पेट्रोल-डीजल, शक्कर, खाद-बीज की कीमतों और पंचायतों की स्थिति को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।
कांग्रेस शुरू से वंदे मातरम् गाती रही है, भाजपा लोगों को बांट रही
भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यक्रमों में शुरू से ही वंदे मातरम् गाती रही है। उन्होंने भाजपा पर लोगों को बांटने तथा लोगों की आस्था को चोट पहुंचाने का आरोप लगाया।
छत्तीसगढ़ में बाहर से आने वाले कथावाचकों पर भी उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोग छत्तीसगढ़ियों का भला नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपना भला जरूर कर रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, स्वाभिमान और स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही।
विभिन्न समाज प्रमुखों एवं गणमान्य नागरिकों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देते हुए पाटन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न समाजों के प्रमुखों एवं गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया गया। कांग्रेस के इस आयोजन में विभिन्न सामाजिक वर्गों की सहभागिता देखने को मिली। सम्मान समारोह के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कथावाचक पंडित युवराज पाण्डेय के पचरा गीत ने बांधा समाँ
इससे पहले कथावाचक पंडित युवराज पाण्डेय ने अपने सुप्रसिद्ध पचरा गीत के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री को बधाई और शुभकामनाएं दी। उनके गीत ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया और माहौल भक्तिमय हो गया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की लोककला एवं संगीत संस्कृति को समर्पित ‘सुरमयी प्रस्तुति’ आयोजित हुई। प्रदेश के सुप्रसिद्ध कलाकारों ने सांस्कृतिक एवं संगीत प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कथावाचक पंडित युवराज पाण्डेय, बालोद विधायक संगीता सिंहा, धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, मोहला विधायक इन्द्रेश मंडावी, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, राजेंद्र साहू, चैतन्य बघेल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू, पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा, मनीष बंछोर, जवाहर वर्मा, दिनेश साहू, मोहन साहू, राजेश ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयश्री वर्मा, कौशल चंद्राकर, रश्मि वर्मा, उर्वशी वर्मा, महेंद्र वर्मा, जागेत्री साहू, रूपेंद्र शुक्ला, जयंती साहू, सालिक साहू, अजय साहू, भेष आटे, , रिखी नारंग,लोचन यादव, पालेश्वर ठाकुर, गोपाल देवांगन, भेदप्रकाश वर्मा, बल्लू राय, श्यामा मनहर, अजय राजपूत, खिलेश मार्कण्डेय, राकेश साहू,अंशु रजक, नीरज सोनी एवं विमल साहू सहित बड़ी संख्या में प्रदेश भर के कांग्रेसजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
