नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान: 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और आठ महामंत्री बनाए गए, 12 महिलाओं को मौका

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नामों का एह्यलान कर दिया। पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

वसुंधरा राजे समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया

भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार, वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, सरदार मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस सूची में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को जगह दी गई है, जिससे संगठन में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का भी ध्यान रखा गया है।

स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को मिली बड़ी जिम्मेदारी

नई टीम में स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की जारी सूची में बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।

महिला नेताओं को भी खास जगह मिली

नई राष्ट्रीय टीम में महिला नेताओं की भी अच्छी भागीदारी दिखाई देती है। वसुंधरा राजे सिंधिया, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इस तरह पार्टी की नई संगठनात्मक टीम में कई महिला नेताओं को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारियां मिली हैं।

नितिन नवीन की टीम में कई राज्यों को मिला प्रतिनिधित्व

भाजपा की नई सूची में राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी के केंद्रीय संगठन में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने से राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के विस्तार और समन्वय को मजबूत करने का संकेत मिलता है।

छत्तीसगढ़ से इन नेताओं की मिली राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह

भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में छत्तीसगढ़ से दो नेताओं को मौका मिला है। नई टीम में छत्तीसगढ़ से सांसद रुप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संजोजक की कमान सौंपी गई है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। नई टीम में छत्तीसगढ़ से इस बार कम नेताओं को अहमियत दी गई है। पिछली बार की कार्यकारिणी में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, सरोज पांडेय, लता उसेंडी समेत कई नेताओं को महत्व दिया गया था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा का इस समय पूरा फोकस उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों पर हैं। यूपी में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में वहां के नेताओं पर फोकस किया गया है।

रुप कुमारी चौधरी

महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। राज्य के भाजपा संगठन में इसे पार्टी के भीतर मजबूती और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के रूप में देखा जा रहा है। सांसद रूप कुमारी चौधरी ़अनुभवी और जमीन से जुड़ी महिला नेत्री हैं। वह प्रदेश की राजनीति में कई संगठनात्मक पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। महिला सशक्तिकरण समेत कई मुद्दों पर आक्रामक रहती हैं। पार्टी ने उनकी इस रणनीति को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा की अहम जिम्मेदारी दी है।

दीपक म्हस्के

दूसरी ओर दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक का दायित्व देकर भाजपा ने डिजिटल रणनीति को को और भी मजबूत कर लिया है। क्योंकि म्हस्के काफी समय से पार्टी के सोशल मीडिया कैंपेन और डिजिटल मामलों में सक्रिय रहे हैं। वे भाजपा के तकनीकी रूप से तेज-तर्रार युवा नेता हैं। उन्होंने पार्टी के डिजिटल और सोशल मीडिया विंग को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।