कांकेर जिले में भालू के हमले में तीन की मौत, एक गंभीर

0 लार गांव मरकाटोला और सिहारी नाला में हुई घटना

कांकेर। बुधवार को जिले में भालू के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिले के लार गांव मरकाटोला में बुधवार को एक भालू के हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, नरहरपुर विकासखंड के सिहारी नाला में भी भालू के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को लारगांव मरकाटोला में एक भालू ने हाई स्कूल एवं कन्या छात्रावास के समीप तीन ग्रामीणों पर हमले में दो लोगों की मौत हो गई। 1 पुरुष 2 महिलाएं शामिल है,जिनमें से 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 1 महिला घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी अनुसार मृतक पुरुष हलाल जुर्री उम्र 36 वर्ष,मृतिका गौरसे बाई उम्र 34 ,गंभीर रूप से घायल खोरीन बाई के रूप में पहचान की गई है।

बताया जा रहा है कि भालू ने अचानक एक पुरुष ग्रामीण पर हमला कर दिया जिसे बचाने गई उनकी दोनों बहनों पर भी भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले में उन्हें सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना स्थल हाई स्कूल एवं कन्या छात्रावास के बेहद करीब होने के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों में भय व्याप्त है। उधर, नरहरपुर विकासखण्ड के देवबली राम धुर्वा के ऊपर सिहारी नाला में 67 वर्षी बुजुर्ग पर भालू ने हमला कर दिया। इस घटना में भी बुजुर्ग की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र में भालू की लगातार मौजूदगी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को जंगल और आसपास के इलाकों में अकेले न जाने की सलाह दी गई है। साथ ही भालू की निगरानी और उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेडऩे अथवा आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह भालू लगातार लोगों पर हमला कर रहा है तो वन विभाग को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए, क्योंकि स्कूल और छात्रावास के आसपास बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता है।