रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में शहीद छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे मानवता और राष्ट्र की एकता पर हमला बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी को तत्काल जम्मू-कश्मीर भेजने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी वहां शहीदों के परिजनों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे तथा जम्मू-कश्मीर में ही पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष श्रमिकों की आतंकवादियों द्वारा की गई निर्मम हत्या अत्यंत निंदनीय और अमानवीय है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस जघन्य आतंकी कृत्य के दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी तथा शहीद श्रमिकों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।
