प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में किया शहीदों को नमन, कारगिल विजय दिवस, साइंस ओलंपियाड और विक्रम-1 लॉन्च पर रखी बात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर की। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ तारीखें इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाती हैं और 26 जुलाई भी ऐसी ही एक तारीख है, जो हर भारतीय को गर्व से भर देती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर देश में विशेष ‘शौर्य विजय यात्रा’ निकाली गई है, जिसका संदेश है—“वन राइड, वन नेशन, वन सल्यूट।” उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरे देश को एकजुट होकर अपने वीर जवानों को सम्मान देने का अवसर देती है।

पीएम मोदी ने युवाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि देश के युवा लगातार भारत का नाम दुनिया में रोशन कर रहे हैं। उन्होंने साइंस ओलंपियाड में भारतीय छात्रों के शानदार प्रदर्शन का जिक्र किया और बताया कि फिजिक्स ओलंपियाड में भारत के सभी पांच प्रतिभागियों ने गोल्ड मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री ने भारतीय नौसेना में शामिल किए गए आईएनएस महेंद्रगिरि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह युद्धपोत पूरी तरह भारत में डिजाइन और निर्मित किया गया है, जिसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।

‘मन की बात’ के दौरान पीएम मोदी ने निजी क्षेत्र द्वारा विकसित भारत के पहले रॉकेट विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण को भी देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भारत अंतरिक्ष, रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात और मित्र देशों के साथ रक्षा सहयोग के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की युवा शक्ति, वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता की भावना भारत को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी देशवासियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।