नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस की पदयात्रा, राजभवन तक मार्च, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की 

रायपुर। राजधानी रायपुर में नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राजभवन तक 14 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली गई। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय प्रभावित लोग शामिल हुए।

पदयात्रा के दौरान मेक इन इंडिया चौक के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का- मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जबकि पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना गया। वहीं, प्रभावित महिलाएं ‘नकटी में ही घर बनाओ’ के नारे लगाते हुए सरकार से गांव में ही पुनर्वास की मांग करने लगे। उन्होंने पुलिस पर मारपीट का भी आरोप लगाया। राम मंदिर के पास बैरिकेड लगाकर पुलिस ने पदयात्रा को रोका दिया। कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए हैं। पार्टी की मांग है कि प्रभावित परिवारों को उसी क्षेत्र में घर बनाकर दिया जाए, उचित पुनर्वास किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।पदयात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड को करीब पांच घंटे के लिए बंद रखा। लोगों से मुख्य मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई। कांग्रेस के नेताओं ने प्रशासन के अधिकारियों को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

*नकटी में घर मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी- विकास उपाध्याय* 

कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने कहा, नकटी गांव में ही प्रभावित परिवारों को घर मिलने तक कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। उनके पुनर्वास और न्याय मिलने तक हमारा आंदोलन नहीं रुकेगा। नकटी गांव के प्रभावित 85 परिवारों को मकान दिलाना हमारा प्रमुख उद्देश्य है।

*पुलिस से हुई नोकझोंक, ट्रैफिक भी प्रभावित*  

पदयात्रा जैसे ही मेक इन इंडिया चौक पहुंची, पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ता रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रभावित महिलाएं इस दौरान सबसे आगे थीं। वे “नकटी में ही घर बनाओ” के नारे लगाती रहीं और पुलिस पर मारपीट का आरोप भी लगाया। आखिरकार राम मंदिर के पास पुलिस ने पदयात्रा को पूरी तरह रोक दिया।

 

 *कांग्रेस की मांग* :  

1. *उसी क्षेत्र में पुनर्वास* – प्रभावित 85 परिवारों को नकटी गांव में ही घर बनाकर दिया जाए  

2. *उचित मुआवजा और पुनर्वास* – बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बेघर न किया जाए  

3. *निष्पक्ष जांच* – पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो

*क्या है पूरा मामला*  

राजधानी के नकटी गांव में 29 जून को प्रशासन ने अवैध निर्माण बताकर लगभग 85 परिवारों के मकानों पर बुलडोजर चलाया था। इसके बाद से प्रभावित परिवार सड़क पर आ गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने बिना पुनर्वास के कार्रवाई की, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

*अवैध जमीन पर प्रधानमंत्री आवास कैसे बना सरकार जवाब दे*

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नकटी गांव की जनता के घरों को अवैध बताने वाली भाजपा की सरकार जवाब दे जब वह जमीन अवैध थी वहां प्रधानमंत्री आवास कैसे बन गया नकटी में निवास कर रहे लोगों का राशन कार्ड आधार कार्ड उनके घरों पर बिजली कैसे पहुंच गई। नकटी गांव के नागरिकों से बिना चर्चा किये आधी रात को उनके घरों पर बुलडोजर चलाया गया बारिश के मौसम में गरीबों को घर से बेघर किया गया यह अन्याय है कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती है।