छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) का खाका तैयार करेगी देसाई समिति, लागू करने की प्रक्रिया शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और उसका प्रारूप तैयार करने के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

समिति में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्यामधर सिंह और एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार तथा ज्योति रानी सिंह सदस्य होंगे।

यह समिति विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और दत्तक ग्रहण जैसे विषयों पर वर्तमान कानूनी व्यवस्था का अध्ययन करेगी। साथ ही नागरिकों, सामाजिक संगठनों और विधि विशेषज्ञों से सुझाव लेकर UCC का प्रारूप तैयार कर राज्य सरकार को अपनी अनुशंसाएं सौंपेगी। समिति अन्य राज्यों में लागू व्यवस्थाओं का भी अध्ययन करेगी।