*आपातकाल घोषित
* कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भीषण भूकंप
कराकास। वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो भीषण भूकंपों ने भयंकर तबाही मचाई है, जिसमें अब तक कम से कम 164 लोगों की मौत हो गई है और 971 से अधिक लोग घायल हुए हैं। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने गुरुवार को भूकंप से भारी नुकसान की पुष्टि की। उन्होंने देश में आपातकाल की घोषणा की। रिक्टर स्केल पर इन भूकंपों की तीव्रता 7.2 और 7.5 मापी गई है। शुरुआत में केवल 32 मौतों की खबर आई थी, लेकिन मलबे को हटाने के साथ ही मरने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ गया। यह वेनेजुएला में पिछले 100 साल से भी अधिक समय में आया सबसे विनाशकारी भूकंप है। इसके झटके इतने तेज थे कि वेनेजुएला की राजधानी काराकास से करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन क्षेत्र तक की इमारतें हिल गईं और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल प्रभावित इलाकों में मलबे के नीचे दबे लोगों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हजारों लोगों के मारे जाने की आशंका है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था और यह काराकस से लगभग 168 किलोमीटर पश्चिम में मोरोन तटीय शहर के पास 22 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसके ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिसका केंद्र मोरोन के दक्षिण-पश्चिम में था। कई वीडियो सामने आए हैं जिनमें देश भर में भारी तबाही दिखाई दे रही है; भूकंप के कारण इमारतें ढह गईं और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे। अनुमान है कि मरने वालों की संख्या हज़ारों में हो सकती है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
भूकंप के कई घंटों बाद भी अधिकारियों ने हताहतों या घायलों के बारे में कोई जानकारी जारी नहीं की थी। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने कहा कि वह देश को संबोधित करेंगी, लेकिन जानकारी देने में देरी की वजह से विपक्षी नेताओं और जानकारी का इंतज़ार कर रहे चिंतित नागरिकों ने उनकी आलोचना की।
आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद के झटकों) के डर से लोग सूरज ढलने के बाद भी काफी देर तक बाहर ही रहे। राजधानी के कुछ हिस्सों में ढही हुई इमारतें, गिरे हुए बिजली के खंभे और मलबे के कारण सडक़ें बंद हो गईं, जबकि कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई और मोबाइल फोन सेवाओं में रुकावट आई।
सरकार ने झटकों से हुए भारी नुकसान का हवाला देते हुए देश के मुख्य हवाई अड्डे को बंद करने की भी घोषणा की। विपक्ष की नेता मारिया कोरिना मचाडो ने प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता ज़ाहिर की और आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना और समर्थन का भरोसा दिलाया। एक्स पर एक संदेश में, उन्होंने वेनेजुएला के लोगों से एकजुट और मज़बूत बने रहने का आग्रह किया, क्योंकि देश विनाशकारी भूकंप के बाद की स्थिति का सामना कर रहा है।
भारत ने किया मदद का ऐलान
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वेनेजुएला की मदद का ऐलान किया है। उन्होंने वेनेजुएला में आए आपदा पर शोक जताया। पीएम ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा के हम घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित लोगों के साथ खड़े रहेंगे। भारत हर मुमकिन मदद के लिए तैयार है।
काराकस हवाई अड्डे पर अफरातफरी
भूकंप के दौरान वेनेजुएला के मुख्य हवाई अड्डे पर अफरातफरी गई। जब इमारत हिल रही थी, लाइटें टिमटिमा रही थीं और हवाई अड्डे के कुछ हिस्सों में धूल के गुबार छा गए थे, तब यात्रियों को अपना सामान लेकर टर्मिनल से बाहर भागते देखा गया। झटके जारी रहने के दौरान कुछ लोगों ने टर्मिनल के अंदर, जैसे कि फूड काउंटर के नीचे, शरण ली।
